जालंधर हाइट्स-2 की बहुमंजिला इमारत से सोमवार दोपहर 24 वर्षीय युवती की नीचे गिरने से माैत हो गई। मृतका की पहचान जैसमीन (24) के रूप में हुई है। जैसमीन के पिता फरीदकोट में पुलिस विभाग में एसपी पद पर तैनात कर्मवीर सिंह चहल हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए भेजा था, जिसका मंगलवार को पोस्टमार्टम करवाया गया।
थाना सदर के प्रभारी बलकरण ने बताया कि पुलिस को घटना की सूचना मिलने के बाद टीम मौके पर पहुंची थी। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। बता दे की जालंधर हाइट्स 2 में बीते छह महीने में यह तीसरी वारदात है।
कागज पर लिखा आई वाज रॉन्ग आई एम सॉरी
पुलिस के मुताबिक, शुरुआती तौर पर मौत के पीछे डिप्रेशन की बात सामने आई है। हालांकि मामले की जांच जारी है। घटनास्थल पर एक लिखा हुआ पन्ना मौके से मिला जिस पर लिखा हुआ था आई वाज रॉन्ग आई एम सॉरी (“I was wrong, I am sorry”)। इस संबंध में एसएचओ ने कहा कि वह फिलहाल इस बारे में कुछ नहीं कह सकते।
जालंधर हाइट्स-2 में पिछले करीब छह महीनों में इस तरह की तीसरी मौत होने के सवाल पर थाना प्रभारी ने कोई टिप्पणी नहीं की। पुलिस ने बताया कि मामले में बीएनएस की धारा 194 के तहत कार्रवाई की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की जांच होगी। बताया जा रहा है कि जैसमीन ने वर्ष 2018 में आईसीएसई परीक्षा में 99.2 प्रतिशत अंक हासिल कर देशभर में दूसरा स्थान प्राप्त किया था। उनकी मौत की खबर के बाद परिवार और परिचितों में शोक का माहौल है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।