फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पंजाब विधानसभा चुनाव 2027: आप ने लगाया खेल दांव, पांच खिलाड़ियों और खेल प्रशासकों को मैदान में उतारा

Sat, 14 Nov 2026 10:31 AM IST
Nivedita सुरिंदर पाल, अमर उजाला, जालंधर

सार

पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए जारी की गई आम आदमी पार्टी की दूसरी सूची में पांच ऐसे उम्मीदवार हैं जिनका खेल जगत से संबंध है। आप ने गुरमीत सिंह मीत हेयर, बलबीर सिंह पाला जलालपुरिया, नितिन कोहली, दीपक बाली और जसकंवर सिंह गिल उर्फ जस्सा पट्टी को मैदान में उतारा है। 
विज्ञापन
आप ने खेल हस्तियों को दिया टिकट - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

पंजाब में 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए आम आदमी पार्टी ने उम्मीदवारों के चयन में खेल जगत से जुड़े चेहरों को खास तरजीह दी है। दूसरी सूची में पार्टी ने ऐसे पांच लोगों पर भरोसा जताया है जिनकी पहचान खेल के मैदान से लेकर खेल संगठनों के प्रशासन तक रही है। 
विज्ञापन


इनमें संगरूर के सांसद गुरमीत सिंह मीत हेयर, कबड्डी खिलाड़ी बलबीर सिंह पाला जलालपुरिया, हॉकी प्रशासक नितिन कोहली, पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन के उपाध्यक्ष दीपक बाली और पहलवान जसकंवर सिंह गिल उर्फ जस्सा पट्टी शामिल हैं। इन पांचों की खेल पृष्ठभूमि अलग-अलग है और इनकी उपलब्धियां भी इन्हें दूसरे राजनीतिक चेहरों से अलग बनाती हैं।

बरनाला से उम्मीदवार बनाए गए गुरमीत सिंह मीत हेयर की बैडमिंटन और क्रिकेट में विशेष रुचि रही है। स्कूली जीवन में वे खेल कप्तान थे और फुटबॉल, बैडमिंटन, एथलेटिक्स तथा क्रिकेट प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेते थे। दिसंबर 2024 में सांसदों की राष्ट्रीय बैडमिंटन प्रतियोगिता में उन्होंने पांच श्रेणियों में पांच खिताब जीतकर उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की। अगस्त 2026 में आयोजित छठी राष्ट्रीय सांसद बैडमिंटन प्रतियोगिता में भी उन्होंने तीन खिताब जीते और एक स्पर्धा में उपविजेता रहे। 
विज्ञापन


पंजाब और हरियाणा के विधायकों के बीच क्रिकेट मुकाबले में उन्हें मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार भी मिल चुका है। खेलों के प्रति इसी लगाव के चलते मई 2025 में उन्हें पंजाब बैडमिंटन एसोसिएशन का अध्यक्ष चुना गया और बाद में पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन के मानद सचिव की जिम्मेदारी मिली। 

शाहकोट से टिकट हासिल करने वाले बलबीर सिंह पाला जलालपुरिया कबड्डी के चर्चित चेहरे हैं। वे पंजाब की कबड्डी टीम के लिए स्टॉपर की भूमिका निभा चुके हैं और दो कबड्डी विश्व कप जीतने वाली टीमों का हिस्सा रहे हैं। कबड्डी जगत में उनकी लोकप्रियता इतनी है कि उन्हें सलमान खान ऑफ कबड्डी के नाम से भी जाना जाता है। 

जालंधर सेंट्रल से उम्मीदवार बनाए गए नितिन कोहली की पहचान हॉकी के खेल प्रशासक के रूप में है। वह हॉकी पंजाब के अध्यक्ष और हॉकी इंडिया के एसोसिएट उपाध्यक्ष हैं।

जालंधर कैंट से उम्मीदवार दीपक बाली पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन के उपाध्यक्ष हैं। वे जुलाई 2025 में इस पद पर चुने गए थे। इसके अलावा वे आम आदमी पार्टी के पंजाब महासचिव और पंजाब हेरिटेज एवं टूरिज्म बोर्ड के सलाहकार के रूप में भी जिम्मेदारी निभा चुके हैं। वहीं पट्टी से उम्मीदवार बनाए गए जसकंवर सिंह गिल उर्फ जस्सा पट्टी कुश्ती के अखाड़ों में अपनी उपलब्धियों के कारण खास पहचान रखते हैं। 

उन्होंने रुस्तम-ए-हिंद, भारत केसरी, पंजाब केसरी और रुस्तम-ए-पंजाब जैसे प्रतिष्ठित खिताब हासिल किए हैं। अखिल भारतीय विश्वविद्यालय स्तर पर स्वर्ण पदक जीतने वाले जस्सा पट्टी ने अपने कुश्ती कॅरिअर में करीब 2,000 मुकाबले लड़े और देश के विभिन्न हिस्सों में आयोजित दंगलों में अपनी प्रतिभा दिखाई। जनवरी 2026 में उन्होंने मिट्टी की कुश्ती से संन्यास लेने की घोषणा की थी। इस तरह आम आदमी पार्टी ने टिकट वितरण में केवल परंपरागत राजनीतिक चेहरों पर निर्भर रहने के बजाय खेलों में उपलब्धियां हासिल करने वाले खिलाड़ियों और खेल संगठनों में जिम्मेदारी निभाने वाले प्रशासकों को भी मौका दिया है। पार्टी की इस रणनीति को युवाओं, खिलाड़ियों और खेल जगत से जुड़े लोगों के बीच अपनी राजनीतिक पकड़ मजबूत करने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें