मॉडर्न जेल में नाबालिग नफासत हुसैन की मौत का मामला कपूरथला पुलिस के गले
की फांस बन गई है। पंजाब स्टेट कमीशन फॉर प्रोटेक्शन ऑफ चाइल्ड राइट्स
(पीएससीपीसीआर) ने इस मामले में एसएसपी कपूरथला से विस्तृत रिपोर्ट तलब की
है।
27 मई को नफासत हुसैन मॉडर्न जेल में मृत पाया गया था। पीड़ित के
परिवार ने आरोप लगाया था कि जेल प्रशासन और पुलिस ने उसके बेटे को बाल
सुधार गृह में भेजने के बजाय माडर्न जेल भेज दिया। पीएससीपीसीआर ने मामले
की गंभीरता को समझते हुए एसएसपी कपूरथला को पत्र जारी करके पूरे मामले की
निष्पक्ष जांच करके एक सप्ताह में विस्तृत रिपोर्ट भेजने के लिए कहा है।
साथ ही इस पत्र में संबंधित पुलिस अधिकारी की जिम्मेदारी निर्धारित करने का
भी आदेश दिया है। पत्र में जुवेनाइल एक्ट का हवाला दिया गया है। कमीशन के
डिप्टी डायरेक्टर राजिंदर सिंह गिल ने कहा कि इस घटना के बाद कमीशन ने
योजना बनाई है कि इस तरह के अत्याचार को रोकने के लिए पंजाब की सभी जेलों
का दौरा किया जाए। इसके लिए टीमें गठित की जा रही है, जो सभी जेलों की
स्थिति का जायजा लेगी।