गांव भुट्टीवाला के निवासियों ने जल घर के पानी की सप्लाई बंद होने पर पंजाब खेत मजदूर यूनियन के नेतृत्व में वीरवार को जल सप्लाई कार्यालय में धरना लगाया। इस दौरान मजदूरों ने राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की।
गांववासियों ने कहा कि उनके गांव का जल घर राजनीति की भेंट चढ़ गया। जल घर में ठेकेदार ने अलग से डिग्गी बनानी थी, मगर उसे अभी तक बनाया नहीं गया। पहले बनी डिग्गी की रिपेयर करने के नाम पर गांव में पानी की सप्लाई बंद कर दी गई है। सप्लाई को बंद किए करीब दो माह का समय बीत चुका है, जबकि अभी तक काम शुरू नहीं हुआ।
गांववासियों ने बताया कि उन्हें गर्मी में पैसे देकर पानी खरीद करना पड़ रहा है। प्रदर्शनकारियों से एक्सईएन यादविंदर सिंह ढिल्लों ने बैठक कर बताया कि उनकी प्रशासन से बात हो गई है। टैंकर के माध्यम से उनके गांव में पानी की सप्लाई दी जाएगी। इसके बाद धरनाकारियों ने अपना धरना समाप्त किया।
एक्सईएन ने बताया कि जल घर वाली जगह में गांव के एक किसान ने अपने खेत को खाल बनाया हुआ है, जो गैर कानूनी है। जल्द ही प्रशासन और पुलिस की सहायता से इसे बंद कर दिया जाएगा। इसके बाद जल घर का काम शुरू होगा। इस दौरान बाज सिंह, बोहड़ सिंह, ज्ञान सिंह, कर्म सिंह, गुरदास सिंह, भोला सिंह, सुखजीत कौर, परमजीत कौर, तेज कौर, लक्ष्मी देवी, निर्मल सिंह, मुख्तयार कौर, बिंदर कौर और बिमला देवी मौजूद थे।