पंजाब यूटी मुलाजिम और पेंशनर सांझा फ्रंट पंजाब के आह्वान पर जिला इकाई ने डीसी ऑफिस के बाहर राज्य सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। पंजाब यूटी मुलाजिम और पेंशनर सांझा फ्रंट पंजाब के महासचिव तीर्थ सिंह बासी, करनैल सिंह संधू ने कहा कैप्टन सरकार कोरोना को हथियार बनाकर लगातार कर्मचारियों व पेंशनरों का हक मार रही है। मुलाजिमों ने सरकार की नीतियों की आलोचना करते हुए मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह का पुतला फूंका व पुडा कांप्लेक्स में सरकार के खिलाफ नारेबाजी भी की।
इकाई के महासचिव तीर्थ सिंह बासी ने कहा कि कैप्टन सरकार मुलाजिमों से सारे काम दफ्तर व घर से ऑनलाइन करने के लिए कह रही है। वहीं दूसरी तरफ सरकार ने खाली खजाने का हवाला देते हुए मुलाजिमों को मिलने वाले मोबाइल भत्ते में कटौती का फरमान जारी कर दिया है। सरकार मंत्रियों और विधायकों के खर्च में कटौती न करके मुलाजिमों को मिलने वाली सहूलियतें बंद कर रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर सरकार ने उनकी मांगें जल्द पूरी न की तो वह 18 अगस्त तक पूरे पंजाब में संघर्ष करेंगे। इस मौके पर अमनदीप सिंह, कर्मजीत सिंह, कुलदीप सिंह कोड़ा, गोविंद, जागीर सिंह, रगजीत सिंह, संतोष सिंह, मनोहर लाल और अमरजीत सिंह उपस्थित थे।