फिरोजपुर छावनी रेलवे स्टेशन के नजदीक रेल पटरी पर केसरी चुनरी ओढ़े धरने पर बैठीं महिलाएं।
- फोटो : FIROZPUR
शहीद-ए-आजम भगत सिंह के जन्म दिवस पर किसान महिलाओं ने केसरी चुनरी ओढ़ कर रोष मार्च निकाला और रेल की पटरी पर धरने पर बैठीं। मौके पर किसान जत्थेबंदियों ने दो अक्तूबर तक रेल रोको आंदोलन की घोषणा की। किसानों ने चेतावनी दी कि उनका संघर्ष और तेज होगा। इस दौरान जो भी नुकसान होगा उसकी जिम्मेदार केंद्र सरकार होगी।
किसान नेता सतनाम सिंह, इंद्रजीत सिंह व जसबीर सिंह ने कहा कि किसानों के रेल रोको आंदोलन के पांचवें दिन केसरी चुनरी ओढ़े महिलाएं बस्ती टैंका वाली की तरफ रेल पटरी पर लगे धरने में शामिल हुईं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कारपोरेट घरानों के समक्ष घुटने टेक दिए हैं। पूरे देश में किसान इसका विरोध कर रहे हैं। सतनाम सिंह ने कहा कि रेल रोको आंदोलन को दो अक्तूबर तक बढ़ा दिया गया है। जरूरत पड़ने पर और आगे बढ़ाया जा सकता है।
स्टेशन बदलकर चलाईं जा रहीं कुछ ट्रेनें
उधर, रेल डिवीजन फिरोजपुर के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक चेतन तनेजा का कहना है कि किसानों का 24 सितंबर से लगातार रेल रोको आंदोलन जारी है। इसके कारण फिरोजपुर मंडल से चलने वाली 14 जोड़ी स्पेशल यात्री गाड़ियों में से कुछ को रद्द कर दिया गया है। कुछ को आंशिक रूप से रद्द करके चलाया जा रहा है। जो गाड़ियां आंशिक रूप से जिस रेलवे स्टेशन पर रद्द हो रही है दोबारा उसी रेलवे स्टेशन से खुल रही है। इस गाड़ियों के चार्ट बनते समय यात्रियों को एसएमएस से सूचना दी जा रही है कि उनका बोर्डिंग प्वाइंट बदल दिया गया है। यात्री चाहे तो नए स्टेशन से यात्रा शुरू कर सकते हैं। किसी यात्री को अपना बोर्डिंग प्वाइंट नए स्टेशन के स्थान पर कोई और स्टेशन पर बदलवाना हो तो वे अपने नजदीकी रेलवे स्टेशन के मुख्य आरक्षण पर्यवेक्षक या स्टेशन मास्टर को गाड़ी के नियत प्रस्थान से 24 घंटे पूर्व आवेदन पत्र के साथ पहचान पत्र देकर बदलवा सकते हैं।
72 घंटे के अंदर ले सकते हैं रिफंड
अधिकारियों के मुताबिक जो गाड़ी रद्द है उसके यात्री 72 घंटे के अंदर रिफंड किसी भी रिजर्वेशन काउंटर से ले सकते हैं। ई-टिकट वाले यात्री अपना टीडीआर गाड़ी के निर्धारित प्रस्थान से 72 घंटे के अंदर ऑनलाइन भर सकते हैं। जो ट्रेनें आंशिक रूप से रद्द हैं उसके यात्री अपना रिफंड ट्रेन के वास्तविक प्रस्थान से 3 घंटे तक नजदीकी रिजर्वेशन काउंटर से प्राप्त कर सकते हैं। ई-टिकट वाले यात्री ट्रेन के वास्तविक प्रस्थान से 3 घंटे के अंदर ऑनलाइन टीडीआर भर सकते हैं।