टांडा उड़मुड़ (होशियारपुर)। अज्ञात लोगों ने टांडा इलाके में वीरवार दोपहर प्रॉपर्टी डीलर का काम करने वाले एक युवक के ऑफिस में घुसकर उसे गोली मार दी। इस हमले में उक्त प्रॉपर्टी डीलर गंभीर रूप से घायल हो गया और मौके पर जमा हुए आसपास के दुकानदारों ने उसे टांडा के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया जहां डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे होशियारपुर रेफर कर दिया। घायल की पहचान संदीप सैनी निवासी उड़मुड़ के रूप में हुई है।
संदीप सैनी अपने ऑफिस में अकेले बैठे थे तभी हमलावरों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की। हमलावरों की संख्या तीन बताई जा रही है। वह मौके पर ही घटना को अंजाम देकर फरार हो गए। संदीप सैनी भारतीय स्टेट बैंक टांडा की मुख्य शाखा के पास अपने ऑफिस में मौजूद थे तभी एक व्यक्ति जिसने अपना चेहरा ढका हुआ था। वह उनके ऑफिस में आया और कुछ पूछने लगा। तभी उसका एक अन्य साथी जिसने अपना चेहरा ढका हुआ था, उसने पिस्तौल निकालकर संदीप सैनी को गोली मार दी जो उसके हाथ से होते हुए उसके पेट में जा लगी। इस हमले में संदीप सैनी गंभीर रूप से घायल हो गए और अब जालंधर के एक निजी अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है। सूचना मिलने पर टांडा पुलिस मौके पर पहुंची और अपनी जांच शुरू कर दी।