जिला कोविड केंद्र में भर्ती कोरोना संक्रमित कैदी पुलिस मुलाजिमों को चकमा देकर फरार हो गया। थाना सदर में लापरवाही बरतने पर चार पुलिस कर्मियों पर केस दर्ज कर लिया गया है।जिला कोविड केंद्र में जेल में सजा काट रहे गिद्दड़बाहा के गुरु तेग बहादुर नगर निवासी कैदी जसप्रीत सिंह उर्फ लक्की को दाखिल करवाया गया था। जसप्रीत सिंह ने शौचालय जाने के लिए पुलिस मुलाजिमों से हथकड़ियां खोलने को कहा। एसआई देसा सिंह समेत अन्य ने उसकी हथकड़ियां खोल दीं और वहां से चले गए। कैदी मौके का फायदा उठाकर शौचालय में बनी खिड़की फांदकर फरार हो गया।
शिकायतकर्ता वार्ड अटेंडेंट गांव रानीवाला निवासी गुरप्रीत सिंह ने बताया कि जब वह कोविड केंद्र में सुबह चाय लेकर पहुंचा तो वहां बेड पर न कैदी था और न पुलिस मुलाजिम। पुलिस ने शिकायतकर्ता के बयान पर फरार कैदी जसप्रीत सिंह के अलावा एसआई देसा सिंह, एसआई हरजिंदर सिंह, होमगार्ड जवान इकबाल सिंह और मनोज कुमार के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। एसआई बलवंत सिंह ने बताया कि मामले की जांच चल रही है।