पठानकोट में एक्सईएन जसविंद्र पाल को कोर्ट में पेश करने ले जाते विजिलेंस अधिकारी।
- फोटो : PATHANKOT
आय से अधिक संपत्ति इकट्ठा करने के आरोप में अमृतसर रेंज विजिलेंस ने पठानकोट के एक्सईएन जसविंद्र पाल को गिरफ्तार किया है। जसविंद्र पाल पर आय से अधिक संपत्ति मामले की जांच एक साल से चल रही थी।
शुक्रवार देर शाम विजिलेंस की टीम शाहपुरकंडी पहुंची और एक्सईएन को गिरफ्तार किया। विजिलेंस की टीम ने एक्सईएन जसविंद्र पाल को शनिवार को सीजेएम कमलदीप सिंह की अदालत में पेश किया। वहां से उन्हें एक दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। मौजूदा समय में आरोपी एक्सईएन जसविंद्र पाल आरएसडी (रणजीत सागर बांध) की इकाई शाहपुरकंडी में तैनात था। विजिलेंस डीएसपी सतपाल ने बताया कि शनिवार को एक्सईएन को एक दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। गौरतलब है कि एक्सईएन जसविंद्र पाल दो साल पहले पठानकोट सिटी डिवीजन में तैनात थे। इसके बाद उनका तबादला सब अर्बन डिवीजन पठानकोट में हो गया। करीब सवा साल पहले वह बदलकर आरएसडी की पावरकॉम इकाई में गए थे। इसी दौरान उनकी जांच शुरू हुई और शुक्रवार को विजिलेंस ने उन्हें गिरफ्तार किया।