पठानकोट। शहर के लोगों ने एक पोस्ट ऑफिस एजेंट पर 4 करोड़ रुपये की ठगी के आरोप लगाए हैं। शनिवार रात को शहर के कई लोग विधायक अमित विज से मिले और पोस्ट ऑफिस एजेंट पर चार करोड़ की धोखाधड़ी का आरोप लगाते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की। मामले की शिकायत थाना डिवीजन नंबर 1 में दी गई है। शिकायतकर्ता संजीव महाजन ने बताया कि उनकी पत्नी के खाते से 2 लाख रुपये निकल गए। मां के खाते से भी लाखों रुपये की राशि निकाल ली गई। एजेंट ने उनकी कॉपी पर एंट्री डाली है, जिसमें उनका बकाया 4-4 लाख रुपये बकाया अंकित है। जबकि, एक खाते में 24 हजार तो दूसरे में 87 हजार बकाया है। संजीव ने बताया कि पोस्ट ऑफिस वाले स्टेटमेंट नहीं दे रहे थे। कई बार आग्रह करने पर जब स्टेटमेंट दी तो घोटाले का पता चला। उन्होंने कहा कि हिंदू बैंक घोटाले की तरह ही यह घोटाला है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस घोटाले में डाकघर के अधिकारी भी शामिल हैं। एक अन्य पीड़िता रितुला महाजन ने बताया कि उन्होंने अपने परिवार के 2 ज्वाइंट अकाउंट खुलवाए थे। जिनमें उनकी 20 साल की कमाई 11 लाख रुपये जमा थे। हाल ही में उनके पति का देहांत हो गया, लेकिन खाते चेक किए तो केवल 56 हजार बचे हैं। एजेंट ने उनके सारे पैसे निकलवा लिए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि डाक घर के कर्मचारी और अधिकारियों की मिलीभगत के बिना यह संभव नहीं है। उन्होंने बताया कि एजेंट पिछले 20 दिन से गायब है। फोन भी बंद आ रहा है। उन्होंने मांग करते कहा कि एजेंट और डाकघर के कर्मचारियों पर कार्रवाई कर पैसे लौटाए जाएं। इस एजेंट ने 25 के करीब लोगों के साथ धोखाधड़ी कर लगभग 4 करोड़ रुपये का घोटाला किया गया है। वहीं, विधायक अमित विज ने बताया कि ठगी का शिकार हुए लोगों ने बताया है कि वह उनसे किश्त जमा करवाने के लिए रुपये ले जाता था। लेकिन पोस्ट ऑफिस में जमा ही नहीं करवाता था। इसके साथ ही कई लोगों के खाते से बिना उनकी सहमति रुपये भी निकाले हैं। इस संबंध में उन्होंने एसएसपी पठानकोट से बात की है और जांच कर कड़ी कानूनी करवाई की जाएगी।