फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पंजाब की हस्तियों का सियासी सफर: पद्मश्री और अर्जुन पुरस्कार विजेताओं का राजनीति में बढ़ा दखल

Sat, 10 Oct 2026 08:55 AM IST
Nivedita सुरिंदर पाल, अमर उजाला, जालंधर

सार

भारतीय हॉकी टीम के पूर्व कप्तान परगट सिंह को अर्जुन पुरस्कार और पद्मश्री मिला। वह 2012 में जालंधर छावनी से विधायक बने, फिर कांग्रेस में शामिल होकर 2017 और 2022 में भी जीते। परगट सिंह खेल एवं शिक्षा मंत्री रहे और अक्तूबर 2026 में पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष नियुक्त हुए
विज्ञापन
पंजाब में हस्तियों का सियासी सफर - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

पंजाब की राजनीति में राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित हस्तियों की भागीदारी का इतिहास कई दशकों पुराना है। खेल, समाजसेवा, मानवाधिकार, पर्यावरण संरक्षण, उद्योग और गायकी जैसे विविध क्षेत्रों से लोगों ने चुनावी राजनीति में प्रवेश किया। पद्मश्री और अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित इन हस्तियों ने विधानसभा, राज्यसभा और लोकसभा तक का सफर तय किया।

विज्ञापन


इनमें पूर्व हॉकी कप्तान परगट सिंह, क्रिकेटर हरभजन सिंह और महिला हॉकी की राजबीर कौर जैसे खिलाड़ी शामिल हैं। समाजसेवा से विमला डांग, मानवाधिकारों के लिए एचएस फूलका और पर्यावरणविद् संत बलबीर सिंह सीचेवाल भी राजनीति का हिस्सा बने। उद्योगपति विक्रमजीत सिंह साहनी और पंजाबी गायक हंस राज हंस ने भी चुनावी मैदान में किस्मत आजमाई। इनमें से कई ने विधायक या सांसद के रूप में महत्वपूर्ण पद संभाले।

खेल जगत से राजनीतिक सफर
भारतीय हॉकी टीम के पूर्व कप्तान परगट सिंह को अर्जुन पुरस्कार और पद्मश्री मिला। वह 2012 में जालंधर छावनी से विधायक बने, फिर कांग्रेस में शामिल होकर 2017 और 2022 में भी जीते। परगट सिंह खेल एवं शिक्षा मंत्री रहे और अक्तूबर 2026 में पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष नियुक्त हुए। क्रिकेटर हरभजन सिंह अर्जुन पुरस्कार और पद्मश्री से सम्मानित हैं। आम आदमी पार्टी ने 2022 में उन्हें पंजाब से राज्यसभा भेजा। महिला हॉकी की राजबीर कौर को 1984 में अर्जुन पुरस्कार मिला। उन्होंने आम आदमी पार्टी से टिकट की दावेदारी की, पर सफल नहीं हुईं। पहलवान करतार सिंह, बास्केटबॉल खिलाड़ी सज्जन सिंह चीमा, हॉकी खिलाड़ी सुरिंदर सिंह सोढ़ी और अजीत पाल सिंह ने भी विधानसभा चुनाव लड़े, पर जीत नहीं सके।
विज्ञापन


समाजसेवा और मानवाधिकार की भूमिका
कम्युनिस्ट नेता और समाजसेविका विमला डांग को 1991 में पद्मश्री मिला। वह 1992 में अमृतसर पश्चिम से भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी की विधायक बनीं। वरिष्ठ अधिवक्ता एचएस फूलका को 2019 में पद्मश्री से सम्मानित किया गया। उन्होंने 1984 के सिख विरोधी दंगों के पीड़ितों के लिए कानूनी लड़ाई लड़ी। वह 2017 में दाखा से आम आदमी पार्टी के विधायक बने और नेता प्रतिपक्ष भी रहे। अप्रैल 2026 में वह भाजपा में शामिल हुए। पर्यावरण संरक्षण के लिए पहचाने जाने वाले संत बलबीर सिंह सीचेवाल को पद्मश्री मिला।

अन्य क्षेत्रों से चुनावी मैदान में
उद्योगपति और समाजसेवी विक्रमजीत सिंह साहनी को पद्मश्री मिला। अप्रैल 2026 में वह आम आदमी पार्टी छोड़कर भाजपा में शामिल हुए। पंजाबी गायक हंस राज हंस पद्मश्री से सम्मानित हैं। वह 2019 में उत्तर-पश्चिम दिल्ली से लोकसभा सांसद निर्वाचित हुए थे। 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा ने उन्हें पंजाब की फरीदकोट सीट से उम्मीदवार बनाया लेकिन वह चुनाव हार गए।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें