फिरोजपुर / जलालाबाद। पुलिस ने पाकिस्तानी तस्कर से मंगवाई छह किलो हेरोइन के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर बीएसएफ के साथ सरहद पर लगी फेंसिंग पार खेत से हेरोइन की खेप बरामद की है। थाना अमीर खास पुलिस ने शुक्रवार को उक्त तस्कर के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू की है।
पुलिस के मुताबिक एएसआई जलंधर सिंह ने गुप्त सूचना के आधार पर फाजिल्का-फिरोजपुर रोड स्थित बारे वाला मोड़ से आरोपी मंजीत सिंह निवासी सीमांत गांव हबीब वाला को गिरफ्तार किया था। पुलिस को सूचना मिली थी कि मंजीत ने ने व्हाट्सएप के जरिये पाकिस्तानी तस्कर से संपर्क कर हेरोइन की खेप मंगवाई है। पाकिस्तानी तस्कर ने मंजीत के कहने पर हेरोइन फाजिल्का के अंतर्गत बीएसएफ की बीओपी कामल बलेल के पास फेंसिंग पार भारतीय खेतों में छिपाकर रखी है।
हेरोइन की खेप फेंसिंग के इस तरफ लाई जानी थी। इससे पहले पुलिस को इसकी भनक लग गई। पुलिस ने मंजीत को गिरफ्तार कर पूछताछ की। इस पर मंजीत ने बताया कि बीओपी कामल बलेल के पास फेंसिंग पार खेत में हेरोइन की खेप छिपाकर रखी है। पुलिस ने बीएसएफ से तालमेल कर आरोपी की निशानदेही पर फेंसिंग पार खेत से छह किलो के करीब हेरोइन बरामद की है। पुलिस के मुताबिक मंजीत के पाकिस्तानी तस्करों से गहरे संबंध हैं, वाट्सएप के जरिए बातचीत कर किसी भी जगह पर हेरोइन की खेप मंगवा लेता था।