संवाद न्यूज एजेंसी
फिरोजपुर। पुलिस ने रविवार को जिले के 42 हॉटस्पॉट पर कॉर्डन एंड सर्च ऑपरेशन (कासो) चलाया। नशा तस्करी और आपराधिक गतिविधियों के लिहाज से चिन्हित क्षेत्रों में 440 पुलिसकर्मियों ने तलाशी अभियान चलाया। इनकी अगुवाई नौ जीओ अधिकारियों ने की। फिरोजपुर शहर में अभियान का नेतृत्व एसएसपी भूपेंद्र सिंह सिद्धू ने किया। पुलिस ने अभियान के दौरान 15 आरोपियों को काबू किया।
फिरोजपुर सिटी, गुरुहरसहाय, ग्रामीण फिरोजपुर और जीरा सब-डिवीजनों में एक साथ कार्रवाई की गई। पुलिस ने सूचीबद्ध नशा तस्करों और सप्लायरों के अलावा वांछित आरोपियों, पीओ, जमानत के बाद फरार आरोपियों और अन्य असामाजिक तत्वों की तलाश की। एसएसपी ने कहा कि नशे और अपराध के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। नशे की गिरफ्त में आए लोगों को उपचार और पुनर्वास में सहयोग दिया जाएगा।