थाना सुभानपुर पुलिस ने नशा तस्कर दो सगे भाइयों को एक किलो नशीला पदार्थ, 40 ग्राम हेरोइन, और 34 हजार रुपये की ड्रग मनी के साथ गिरफ्तार किया। आरोपी हमीरा एरिया के देहाती एरिया में नशे की आपूर्ति करके बस से लौट रहे थे। दोनों के खिलाफ थाना सुभानपुर में केस दर्ज किया गया है।
एएसआई सुखचैन सिंह ने बताया कि वह पुलिस पार्टी समेत गांव डोगरांवाल से हमीरा पुल की तरफ गश्त पर जा रहे थे। तभी मुखबिर ने सूचना दी कि बलविंदर सिंह उर्फ भुंडा व उसका भाई बंटी निवासी गांव हमीरा नशीले पदार्थ बेचते हैं। अब भी वह दोनों हमीरा के साथ लगते देहाती एरिया में हेरोइन व नशीले पदार्थ की सप्लाई करके बस से लौट रहेे हैं। इस पर उन्होंने पुलिस पार्टी के साथ हमीरा पुल के नीचे नाकाबंदी कर दी। इतने में उनके पास एक मिनी बस आकर रुकी। बस से दो लोग नीचे उतरे।
दोनों ने पुलिस पार्टी को देखकर अपनी-अपनी जेबों से रखे प्लास्टिक के तीन लिफाफे निकालकर फेंक दिए और भागने की कोशिश करने लगे। पुलिस पार्टी ने पीछा करके उन्हें गिरफ्तार कर लिया। लिफाफों से 40 ग्राम हेरोइन, 510 ग्राम नशीला पदार्थ व 520 ग्राम नशीला पदार्थ मिला। आरोपियों की तलाशी में 34 हजार 50 रुपये की ड्रग मनी भी बरामद हुई। एसएचओ सुभानपुर इंस्पेक्टर जसपाल सिंह ने बताया कि बलविंदर सिंह भुंडा पर पहले भी एनडीपीएस एक्ट के कई केस दर्ज है।