फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Jalandhar News: छह गांवों के लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने के आदेश, पौंग के पानी से धुस्सी बांध टूटा

विज्ञापन
विज्ञापन
-गांवों में लाउड स्पीकर से घोषणा कर लोगों से अपील- नदी किनारे न जाएं
विज्ञापन


तलवाड़ा (होशियारपुर)। बाढ़ के बढ़ते खतरे के बीच उपमंडल मुकेरियां के 6 गांवों के लोगों को स्थानीय प्रशासन ने सुरक्षित स्थानों पर जाने के आदेश जारी किए हैं। गांव मेहताबपुर में पौंग डैम से आ रहे पानी के कारण ब्यास नदी का जलस्तर बढ़ गया है जिससे गांव में बाढ़ का खतरा पैदा हो गया है। गांव कोलियां 418 और मेहताबपुर के बीच धुस्सी बांध टूट गया जिससे गांव में पानी भर गया है। इस कारण कई घरों मे पानी भी घुस जाने से उनका सारा सामान पानी की चपेट मे आ गया।
सरपंच मनजिंदर सिंह मेहताबपुर, नंबरदार बहादुर सिंह व नरेश कुमार ने बताया कि ब्यास नदी में जलस्तर पहले ही काफी अधिक था लेकिन रविवार सुबह से लगातार हो रही बारिश के कारण गांव मेहताबपुर और कोलियां के बीच धुस्सी बांध दरार आने से टूट गया। गांव कोलियां और मेहताबपुर के घरों में पानी आना शुरू हो गया। उन्होंने गांववासियों से अपील की है कि कोई भी ब्यास नदी के किनारे न जाए।
विज्ञापन

एसडीएम मुकेरियां अंकुर महेंद्रू ने बताया कि पड़ोसी राज्य हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश के कारण जलस्तर अचानक अपेक्षा से अधिक बढ़ गया है। मुकेरियां तहसील के अंतर्गत मोतला, सान्याल, हलेड जनार्दन, कोलियां, मेहताबपुर और नौशेरा आदि गांवों के लोगों के प्रभावित होने की संभावना है। गांवों में लाउड स्पीकर से घोषणा कर लोगों से अपील की जा रही है।
एसडीएम मुकेरिया अंकुर महेंद्रू ने सभी संबंधित सेक्टर अधिकारियों को सूचित करते हुए कहा कि उत्पन्न हुई विकट स्थिति को ध्यान में रखते हुए उपरोक्त गांवों में रहने वाले सभी ग्रामीणों को समय रहते सूचित कर दिया जाए कि बाढ़ का पानी इन गांवों में पहुंचने से पहले वे अपने पुश्तैनी घरों से खुद को निकालने की तैयारी कर लें। स्थानीय प्रशासन ने सूचित किया है कि अगले 1-2 घंटों में बाढ़ का पानी इन ग्रामीण इलाकों में पहुंच सकता है।
मंड क्षेत्र में पानी का स्तर 1.37 लाख क्यूसेक से ऊपर पहुंचा
जालंधर। बरसात के कारण पंजाब के कुछ गांवों में बाढ़ की स्थिति गंभीर बनी हुई है। ब्यास दरिया में पानी का स्तर 1.37 लाख क्यूसेक तक पहुंच गया है। राज्यसभा सदस्य संत बलबीर सिंह सीचेवाल और उनके सेवक मंड क्षेत्र के 35 गांवों के लोगों को साथ लेकर बरसात में भी बांध मजबूत करने में जुटे रहे। उन्होंने एक बार फिर इलाके के लोगों से आहली कलां के एडवांस बांध पर पहुंचने की अपील की। कपूरथला और आसपास के इलाकों में सुबह से लगातार तेज बारिश होती रही। संत सीचेवाल ने बताया कि रेत से भरे बोरों को वहां फेंका जा रहा है जहां ब्यास दरिया एडवांस बांध के नीचे से मिट्टी को काट रही है। सुल्तानपुर लोधी के मंड क्षेत्र में सबसे अधिक प्रभावित गांव आहली कलां, करमूवाला पत्तन और आहली खुर्द में एडवांस बांध को मजबूत करने का काम जारी है। किसान बलविंदर सिंह के अनुसार अगर यह बांध टूट गया तो करीब 35 गांवों के किसानों की 35 से 40 हजार एकड़ फसल तबाह हो जाएगी। इस दौरान ड्रेनेज विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि पौंग डैम से आज ब्यास दरया में 70 हजार क्यूसेक से ज्यादा पानी छोड़ा गया है। संवाद
विज्ञापन


आज भी कई स्थानों पर भारी बारिश का अलर्ट
पटियाला। पंजाब में रविवार को कई जगहों पर भारी बारिश पड़ी। इससे पारा सामान्य से 2.7 डिग्री नीचे गिर गया है। तापमान में 2.8 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। सबसे अधिक 34.5 डिग्री का अधिकतम पारा समराला का दर्ज किया गया। पंजाब के न्यूनतम तापमान में भी 0.1 डिग्री की कमी दर्ज की गई। फिलहाल यह सामान्य के पास बना हुआ है। पंजाब में सबसे कम न्यूनतम पारा 21.5 डिग्री का पठानकोट का दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने अगले दो दिन भी पंजाब में भारी बारिश पड़ने का यलो अलर्ट जारी कर दिया है। इससे तापमान में और कमी आने की संभावना है। ब्यूरो
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें