मेरे यशू-यशू से मिली लोकप्रियता
खुद को प्रोफेट बताने वाला बजिंदर लोगों को एचआईवी, गूंगेपन और बहुत कुछ से ठीक करने का दावा करता है। उसे मेरे यशू-यशू से खासी लोकप्रियता मिली थी। जालंधर में द चर्च ऑफ ग्लोरी एंड विजडम'' का संस्थापक पास्टर बजिंदर विवादों में रहा है। बजिंदर सिंह पर साल 2018 में भी दुष्कर्म का आरोप लगा था, जो पंजाब के जीरकपुर निवासी एक महिला ने लगाया था। इस मामले में पुलिस ने केस दर्ज करके बजिंदर को गिरफ्तार भी किया था, लेकिन बाद में उसे जमानत मिल गई थी। इस मामले में अब बजिंदर सिंह को कोर्ट ने दोषी पाया है। कपूरथला में भी बजिंदर पर मामला दर्ज हुआ है।
महिला को कई बार भेजे गलत मैसेज
दर्ज एफआईआर में महिला ने कहा है कि वह साल 2017 में बजिंदर सिंह के चर्च की टीम में शामिल हुई थीं। एफआईआर में यह आरोप लगाया गया है कि साल 2022 में अभियुक्त ने पीड़िता से छेड़छाड़ शुरू कर दी और कई बार गलत मैसेज भी भेजे। महिला ने बताया उन्होंने दिसंबर 2017 में जालंधर जिले के ताजपुर गांव स्थित ग्लोरी ऑफ विजडम चर्च नामक सत्संग में जाना शुरू किया था, 2020 में वह इस चर्च की टीम में शामिल हो गईं और पास्टर बजिंदर की नजर में आईं। पास्टर ने उसका मोबाइल नंबर ले लिया और उससे चैटिंग करने लगा, अभियुक्त ने कई बार फोन पर अनुचित मैसेज भी भेजे।
महिला को गले लगाने की कोशिश
महिला के अनुसार पास्टर बजिंदर सिंह ने उन्हें धमकी दी थी कि अगर इस बारे में किसी से कुछ कहा तो उसे व उसके परिजनों की हत्या कर दी जाएगी। साल 2022 में पास्टर बजिंदर सिंह ने इस महिला को गले लगाने की कोशिश की थी और उसे गंदे तरीके से छुआ था। पास्टर को दिल्ली एयरपोर्ट पर उस समय पकड़ा, जब वह लंदन जा रहा था, आरोप साबित न होने पर उसे बरी कर दिया गया था। सितंबर 2022 में दिल्ली के एक परिवार ने आरोप लगाया था कि बजिंदर ने उनसे उनकी कैंसर पीड़ित बेटी का इलाज प्रार्थनाओं से करने के लिए पैसे मांगे, लेकिन वह बच नहीं सकी। साल 2023 में आयकर विभाग ने जालंधर में बजिंदर सिंह से जुड़े ठिकानों पर दबिश दी।
युवक के साथ मारपीट का वीडियो वायरल
पास्टर बजिंदर सिंह का 6 मिनट 26 सेकेंड का मारपीट का वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें दिख रहा है कि दफ्तर में पादरी बजिंदर अपनी कुर्सी पर बैठा है और सामने तीन महिलाएं सोफे पर बैठी हैं। दूसरी ओर कुर्सियों पर कुछ युवक बैठे हैं, बातचीत के दौरान पादरी ने एक युवक पर फोन फेंककर हमला किया और पास में रखे पर्स जैसे सामान को युवक के सिर पर दे मारा। बजिंदर ने युवक को लगातार 10-12 थप्पड़ जड़ दिए। इसके बाद उसने महिला को उंगली दिखाते हुए धमकी दी, फिर महिला और पादरी के बीच बहस हुई और नौबत हाथापाई की आ गई। पादरी महिला को धक्का मारते व गला पकड़ते नजर आया। कुछ लोगों ने मामले को शांत किया।