रुपिंदर के पिता हरिंदर सिंह फरीदकोट के सरकारी बृजेंद्रा कॉलेज के पास स्पोर्ट्स गुड्स की दुकान चलाते थे। वह भी स्कूल व कालेज के समय में हॉकी खेलते थे। रुपिंदर की फिरोजपुर के प्रसिद्ध हॉकी ओलंपियन परिवार के सदस्य हरमीत सिंह, अजीत सिंह व गगन अजीत सिंह के साथ भी रिश्तेदारी है।
ओलंपियन अजीत सिंह ने बताया कि रुपिंदर ने करीब 6 साल की उम्र में फिरोजपुर में संचालित शेरशाह वली हॉकी अकादमी में प्रशिक्षण लेना शुरू किया था। लगातार सुधार करते हुए रुपिंदर ने शीर्ष तक अपना सफर तय किया। फिर वर्ष 2002 में चंडीगढ़ हॉकी अकादमी के लिए खेलने लगे थे। भारत की टीम में उनका चयन 2010 में हुआ, जिसके बाद से वह लगातार भारतीय टीम के लिए खेल रहे हैं। टीम इंडिया के अलावा रुपिंदर इंडियन ओवरसीज बैंक के लिए खेलते हैं और इसमें नौकरी भी करते हैं।
ब्रिटेन के खिलाफ लगाई थी पहली हैट्रिक
रुपिंदर ने अपने हॉकी कॅरियर की शुरुआत मई 2010 में सुल्तान अजलान शाह कप के दौरान की थी। जहां भारतीय टीम स्वर्ण जीतने में कामयाब रही थी। इस टूर्नामेंट में रुपिंदर ने ब्रिटेन के खिलाफ अपनी पहली हैट्रिक लगाई थी। यह हैट्रिक आगे चलकर रुपिंदर के कॅरियर को आगे बढ़ाने में काफी सहायक साबित हुई।
पाकिस्तान के खिलाफ यादगार गोल लगाने के बाद रुपिंदर को हॉकी इंडिया लीग 2013 के लिए बॉलीवुड अभिनेता जॉन अब्राहम की टीम दिल्ली वेवराइडर्स ने 56 हजार अमेरिकी डॉलर (लगभग 36 लाख 17 हजार रुपये) में खरीदा था। रुपिंदर ने टीम के लिए बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 8 गोल किए थे, जिसके दम पर टीम लीग में दूसरे स्थान पर रही थी।
रुपिंदर की उपलब्धियां
- 2014 में ग्लासगो राष्ट्रमंडल खेलों में भाग लिया, भारत ने रजत पदक जीता।
- 2014 में इंचियोन एशियाई खेलों में भाग लिया, भारत ने स्वर्ण पदक जीता।
- 2016 एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी में भाग लिया, भारत ने स्वर्ण जीता। रुपिंदर 11 गोल के साथ टॉप स्कोरर रहे और टूर्नामेंट का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का पुरस्कार जीता।
- 2016 एशियाई पुरुष हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी में भाग लिया, भारत ने स्वर्ण जीता।
- 2016 में रियो ओलंपिक में भाग लिया और टॉप स्कोरर रहे। उस दौरान भारतीय टीम क्वार्टर फाइनल में पहुंचने में सफल रही थी।
- 2017 सुल्तान अजलान शाह कप में भाग लिया, भारत ने कांस्य जीता।
- 2017 में हॉकी वर्ल्ड लीग में भाग लिया, भारत ने कांस्य जीता और उन्होंने फैन च्वाइस अवार्ड जीता।
- 2018 में जकार्ता एशियाई खेलों में भाग लिया, भारत ने कांस्य पदक जीता।
- 2018 में ऑस्ट्रेलिया राष्ट्रमंडल खेलों में भारत का प्रतिनिधित्व किया।