गांव बहिबल कलां में श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के पावन स्वरूप के बेअदबी
मामले की जांच कर रहे जस्टिस काटजू आयोग पर एसजीपीसी की ओर से निलंबित पंच
प्यारे भाई सतनाम सिंह खंडा, भाई मंगल सिंह, भाई मेजर सिंह, भाई तिरलोक
सिंह व भाई सतनाम सिंह ने भरोसा जताया है।
पंच प्यारे शनिवार को
नवांशहर के गांव सजावलपुर के गुरुद्वारा शहीदां में आयोजित हुए कार्यक्रम
के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रदेश की मौजूदा
बादल सरकार पिछले दिनों पावन ग्रंथ की बेअदबी की घटनाओं को रोकने में पूरी
तरह से असफल रही है। धर्म पर राजनीति के हावी होने के लिए उन्होंने सरकार,
एसजीपीसी प्रधान को जिम्मेदार करार दिया।
पंच प्यारों ने कहा कि
धर्म के काम में राजनीति की बेवजह हो रही दखलांदाजी पूरी तरह से बंद होनी
चाहिए। लोगों को धर्म की रक्षा पर ध्यान देना चाहिए। इस मौके पर कश्मीर
सिंह सूबा, हरजिंदर सिंह, मनधीर सिंह उपस्थित थे।