होशियारपुर। चब्बेवाल विधानसभा क्षेत्र में जिला परिषद और ब्लॉक समिति चुनावों ने राजनीति का नया इतिहास रच दिया। यहां, आम आदमी पार्टी (आप) ने जिला परिषद की सभी 4 सीटों पर विजय प्राप्त की, साथ ही 34 ब्लॉक समिति सीटों में से 30 पर जीत हासिल कर एक नया कीर्तिमान स्थापित किया। चब्बेवाल में केवल 4 सीटों पर अन्य दलों के उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की, जबकि कांग्रेस का तो खाता भी नहीं खुला।
चब्बेवाल के विधायक डॉ. इशांक कुमार ने इस ऐतिहासिक जीत पर जनता का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह जीत केवल राजनीतिक सफलता नहीं, बल्कि जनता के विश्वास और आशीर्वाद का प्रतीक है। विधायक ने कहा कि इस अपार समर्थन से उन्हें और अधिक जिम्मेदारी, समर्पण और ईमानदारी से जनसेवा करने की प्रेरणा मिली है। डॉ. इशांक ने कहा कि यह प्रचंड जीत पार्टी की जनकल्याणकारी नीतियों और विकासोन्मुखी सोच का प्रमाण है। उन्होंने जनता को आश्वस्त किया कि उनका विश्वास बनाए रखते हुए विकास की गति को और तेज किया जाएगा और हर परिवार तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाया जाएगा। संवाद