सांड़ों की चपेट में आने से व्यापारी की मौत, गोराया बंद
गोराया के बाजार बंद कर कारोबारियों ने दिया धरना
अमर उजाला ब्यूरो
गोराया (जालंधर) फिल्लौर के निकट गोराया कस्बे के लोग सड़कों पर घूम रहे लावारिस पशुओं से परेशान हैं। खासकर इलाके में सांड़ों से खासी दहशत है। सांड़ों ने अग्रवाल फास्ट फूड के मालिक पर हमला कर उसको मौत की नींद सुला लिया। सोमवार को गोराया के दुकानदारों ने अग्रवाल फास्ट फूड के मालिक दया शंकर अग्रवाल (55) की मौत के विरोध में दुकानें बंद रखकर धरना प्रदर्शन किया। दुकानदारों ने मांग की कि इस चलती फिरती मौत से निजात दिलायी जाए।
दया शंकर अग्रवाल की मौत उस वक्त हो गई थी जब स्कूटर पर निकल रहे थे। इस दौरान वह आपस में लड़ रहे दो सांड़ों की चपेट में आ गए थे। रविवार शाम को बड़ा पिंड रोड पर लावारिस सांडों की लड़ाई ने अग्रवाल फास्ट फूड के मालिक की जान ले ली थी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दया शंकर अग्रवाल (55) अपनी दुकान से किसी काम के लिए स्कूटर जा रहे थे। इसी दौरान सिनेमा के सामने लड़ रहे दो सांड़ों ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। इससे अग्रवाल के चेहरे व सिर पर गंभीर चोटें लगीं और दया शंकर की मौके पर ही मौत हो गई। दया शंकर की मौत से गोराया में सोमवार को शोक की लहर थी। दुकानदारों ने अपनी दुकानें बंद रखकर विरोध प्रदर्शन किया और प्रशासन से कहा कि उनकी हिफाजत की जाए।