ग्रेटर नोएडा के डेरीन चौगनपुर गांव में अवैध बिजली कनेक्शन की जांच के दौरान एनपीसीएल कर्मचारियों के साथ ग्रामीणों द्वारा मारपीट और अभद्रता की घटना सामने आई। विवाद बढ़ने पर टीम को वापस लौटना पड़ा।
ग्रेटर नोएडा में गांव डेरीन चौगनपुर में अवैध विद्युत कनेक्शनों की जांच करने पहुंचे एनपीसीएल (एनपीसीएल) कर्मचारियों के साथ ग्रामीणों द्वारा मारपीट करने के साथ अभद्रता की गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जिसमें कुछ लोग कर्मचारियों का विरोध करते और उनके साथ धक्का-मुक्की करते दिखाई दे रहे हैं।
विज्ञापन
जानकारी के अनुसार क्षेत्र में अवैध बिजली कनेक्शन और कम किलोवाट के कनेक्शन पर अधिक बिजली खपत किए जाने की शिकायतें लगातार मिल रही थीं। इसी के तहत एनपीसीएल की टीम जांच करने के लिए गांव पहुंची थी। आरोप है कि जांच के दौरान कुछ ग्रामीण भड़क गए और उन्होंने कर्मचारियों का घेराव कर उनके साथ मारपीट की।
विज्ञापन
स्थिति बिगड़ने पर कर्मचारियों को गांव से वापस लौटना पड़ा। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। वायरल वीडियो के जरिए मामला तेजी से चर्चा में आ गया। कर्मचारियों ने मामले की सूचना पुलिस को दी है। वहीं कोतवाली प्रभारी अजय कुमार का कहना है कि एनपीसीएल कर्मचारी अत्यधिक गर्मी के चलते आने वाली फॉल्ट संबंधी शिकायतों के निस्तारण और विद्युत आपूर्ति सुचारू करने के लिए क्षेत्र में गए थे।
इसी दौरान अवैध विद्युत कनेक्शन और अधिक बिजली खपत की शिकायतों की जांच की जा रही थी। जिस पर कुछ लोगों ने विरोध किया और कर्मचारियों पर झूठे आरोप लगाए। पूरे मामले की सीसीटीवी फुटेज और अन्य तथ्यों के आधार पर जांच की जा रही है। जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।