फगवाड़ा जीटी रोड पर इलाईट सिनेमा के पीछे लगती नगर सुधार ट्रस्ट की जमीन से अवैध कब्जे हटाए।
स्कीम नंबर एक में कई साल से अवैध बताए जाते कब्जों को ध्वस्त करने के लिए प्रशासन ने पहले पुलिस फोर्स की मार्फत क्षेत्र की घेराबंदी की।
बाद में नगर सुधार ट्रस्ट के अधिकारी जेसीबी के साथ पूरे दल बल के साथ मौके पर पहुंचे और अवैध कब्जे गिराकर 19 मरले जगह कब्जे में लेने का दावा किया।
सुबह 11 बजे शुरू किया यह अभियान एडीसी फगवाड़ा इकबाल सिंह संधू, ईओ सुनीता कुमारी और ड्यूटी मजिस्ट्रेट कम तहसीलदार प्रवीण छिब्बड़ की अगुवाई में शाम तक जारी रहा।
हालांकि कब्जे करने वाले लोगों ने इसको प्रशासन की धक्केशाही करार देते हुए अदालत में जाने की बात कही है।
पुलिस द्वारा क्षेत्र के घेराबंदी किए जाने के बाद प्रशासन ने पहले खाली प्लाटों के पीछे चारदीवारी को ध्वस्त कर कब्जा जमाया। बाद में दुकानदारों को खाली कर समान उठाने को कहा गया।
एक दुकान खाली थी। इसके लिए तीन घंटे का समय दिया गया। फिर प्रशासन ने जेसीबी की मदद से तीन दुकानों को गिरा दिया गया। इस कार्रवाई के दौरान आरोप तो लगे, मगर किसी प्रकार का विरोध नहीं हुआ।