बेटा सौ ग्राम हेरोइन संग काबू, कहा - पिता की मदद से जेल में सप्लाई करता था हेरोइन
संवाद न्यूज एजेंसी
फिरोजपुर। काउंटर इंटेलिजेंस ने जेल वार्डन और उसके बेटे को सौ ग्राम हेरोइन संग काबू किया है। बेटा तस्करों से हेरोइन खरीदता था और पिता बंदियों को सप्लाई करता था। फाजिल्का स्थित थाना काउंटर इंटेलिजेंस ने बुधवार को आरोपी पिता-पुत्र के खिलाफ मामला दर्ज कर तफ्तीश शुरू कर दी है।
काउंटर इंटेलिजेंस अधिकारियों के मुताबिक फिरोजपुर किले वाला चौक के पास से नौजवान आकाशदीप सिंह को सौ ग्राम हेरोइन के साथ काबू किया था। पूछताछ दौरान आकाशदीप ने बताया कि वह तस्करों से हेरोइन खरीदता है। उसका पिता सेंट्रल जेल फिरोजपुर में वार्डन के पद पर तैनात है। उसके माध्यम जेल में बंद बंदियों को हेरोइन सप्लाई करते हैं। काउंटर इंटेलिजेंस ने पिता-पुत्र दोनों को काबू कर लिया है। उनसे पूछताछ की जा रही है कि ये धंधा कितने समय से कर रहे हैं। उल्लेखनीय है कि पिछले कई दिनों से जेल में बंद हवालाती व कैदियों के पास से नशा बरामद हो रहा था। कई बार बंदियों के पास से नशीले पदार्थ पकड़े हैं।