पंजाब के जालंध्ार में लगातार बढ़ रहे डेंगू के केस पर कांग्रेस के पार्षदों ने नगर निगम को जिम्मेवार ठहराया है।
वीरवार को कांग्रेसी पार्षदों और नेताओं ने नगर निगम की ज्वाइंट कमिश्नर अनुपम कलेर से मुलाकात की और उन्हें ज्ञापन दिया। ज्ञापन में जहां नेताओें ने निगम को सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए कहा वहीं, सफाई में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों व कर्मचारियों पर सख्त कार्रवाई करने की भी मांग की।
नेताओं ने कहा कि डेंगू से मरने वाले मरीजों की मौत के लिए निगम जिम्मेवार है, इसलिए मृतक के परिजनों को पांच-पांच लाख रुपये की आर्थिक मदद दी जाए और उनके परिवार में से एक सदस्य को सरकारी नौकरी दी जाए। इस दौरान नेताओं ने अनाधिकृत कालोनियों को रेगुलर करने के लिए बनाई पॉलिसी और प्रॉपर्टी टैक्स को बंद करने की भी मांग की है।
ज्ञापन देने वालों में पूर्व पार्षद राजेंदर बेरी, नगर निगम के विपक्ष नेता जगदीश राजा, पूर्व पार्षद व पार्षद पति निर्मल सिंह निम्मा, परमजीत पम्मा, तरसेम, पवन कुमार, बलदेव सिंह देव, जसविंदर बिल्ला, डा. प्रदीप राय, कुलदीप मिंटू, गुरविंदर बंटी, पार्षद पलनी अप्पन, अरुण जैन और राजकुमार शामिल थे।
इन नेताओं ने ज्ञापन में आरोप लगाया है कि डेंगू फैलने के पीछे निगम के अधिकारियों का अपने फर्ज में कोताही करना जिम्मेवार है। कांग्रेसी नेताओं ने कहा कि अगर निगम ने इस तरफ ध्यान न दिया तो वे निगम के खिलाफ मोर्चा खोलेंगे।