फाजिल्का-फिरोजपुर रोड पर स्थित गांव चांदमारी के निकट रविवार देर शाम सड़क हादसे में बाइक सवार महिला की मौत हो गई और उसका बेटा घायल हो गया। मृतका के बेटे की कुछ दिन बाद ही शादी थी। शादी के कार्ड बांटकर वह अपने छोटे बेटे से साथ घर लौट रही थी। हादसे के चलते परिवार की खुशियां मातम में बदल गई।
सिविल अस्पताल में भर्ती गांव सलेमशाह निवासी राज सिंह ने बताया कि वह अपनी मां के सुरजीत कौर साथ जलालाबाद में अपने बड़े भाई की शादी के कार्ड बांटकर बाइक पर सवार होकर गांव नवां सलेमशाह लौट रहे थे। गांव चांदमारी के निकट पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने बाइक में टक्कर मार दी। इससे वह दोनों घायल हो गए। सिविल अस्पताल में पहुंचने के बाद उसकी मां सुरजीत कौर की मौत हो गई। उसने बताया कि 10 मार्च को उसके बड़े भाई की शादी होनी है। उधर, हादसे के बाद चालक कार सहित फरार हो गया। सदर थाना पुलिस ने मृतका के बेटे की शिकायत पर कार चालक के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है।