जालंधर। पंजाब की आम आदमी पार्टी की सरकार ने राज्य में दिल्ली की तर्ज पर मोहल्ला क्लिनिक खोलने की प्रक्रिया तेज कर दी है। मोहल्ला क्लीनिक में जहां चिकित्सकों की जिम्मेदारी तय की जाएगी, वहीं दवाओं से लेकर लैबोरेटरी तक का पूरा इंतजाम होगा। पंजाब के तमाम विधानसभा क्षेत्रों में मोहल्ला क्लीनिक खोले जाने जाने हैं, लेकिन 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस के मौके पर जनता को 75% मोहल्ला क्लीनिक समर्पित किए जाएंगे। ये शहरी और ग्रामीण दोनों इलाकों में खुलेंगे। पंजाब में ग्रामीण इलाकों में पहले से ही 3000 स्वास्थ्य सेवा केंद्रों का नेटवर्क है, जिन्हें कम्यूनिटी हेल्थ अफसरों के नेतृत्व में प्रशिक्षण प्राप्त पैरा मेडिकल स्टाफ की ओर से चलाया जा रहा है। अगले चरण में सब सेंटरों को भी मोहल्ला क्लीनिकों में तब्दील करने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। राज्य के ग़ैर-कार्यशील सेवा केंद्रों को मोहल्ला क्लिनिकों में तबदील करने की भी सहमति दी गई है। इसलिए सेवा केंद्रों की इमारतों को एक ही तरह की छवि दी जाएगी, जिसमें डाक्टर का कमरा, रिसेप्शन-कम-वेटिंग एरिया, फार्मेसी जैसी जरूरतें पूरी करने के साथ स्टाफ और आने वाले मरीजों के लिए अलग शौचालयों की सुविधा दी जाएगी। यानी पंजाब के तमाम मोहल्ला क्लीनिक एक ही लुक व रंग में नजर आएंगे।
सरकार ने सुविधा केंद्रों को ही टेकओवर कर उन्हें मोहल्ला क्लीनिक में बदलने की प्रक्रिया शुरू की है। सभी मोहल्ला क्लीनिकों का खाका एक जैसा ही बनाया जाएगा, इसलिए वहां मरम्मत का काम शुरू कर दिया गया है। आगामी चंद दिनों में मरम्मत का कार्य पूरा होने पर वहां पर दवाओं व लेबोरेटरी उपकरण लगने शुरू हो जाएंगे। जिन जिलों में 75 मोहल्ला क्लीनिक खोले जाने हैं, वहां युद्ध स्तर पर कार्य चल रहा है। पंजाब सरकार की तरफ से चल रही 3 हजार डिस्पेंसरियों की हालत काफी खस्ता हो चुकी है, जिन्हें जल्द ही मोहल्ला क्लीनिक में तबदील किया जाएगा। इन डिस्पेंसरी में लेबोरेटरी से लेकर पूरी दवा तक नहीं मिलती, जिससे गांवों में सेहत सुविधाओं का पूरा लाभ नहीं मिल पा रहा है। लिहाजा, आम आदमी पार्टी सरकार की तरफ सेहत सुविधाओं को जमीनी स्तर पर पहुंचाने के लिए मोहल्ला क्लीनिकों के जरिये पूरी ताकत झोंकी जा रही है। सूत्रों के मुताबिक, पैरा मेडिकल स्टाफ के अलावा चिकित्सकों की हाजिरी यकीनी बनाई जाएगी, इसको लेकर पूरी योजना तैयार की जा रही है।
दिल्ली में केजरीवाल सरकार ने लोगों को जमीनी स्तर पर सेहत सुविधाएं दीं
पंजाब आम आदमी पार्टी की प्रदेश महिला इकाई की अध्यक्ष राजविंदर कौर थियाड़ा का कहना है कि पंजाब सरकार सेहत व शिक्षा को लेकर वचनबद्ध है। तमाम रिवायती पार्टियों ने लोगों को सेहत सुविधाओं से वंचित रखा, इस कारण लोग महंगा इलाज करवाने के लिए भटकते रहे। लेकिन आप सरकार पंजाब में जमीनी स्तर पर सेहत सुविधाएं प्रदान करेगी। इसके लिए दिल्ली में अरविंद केजरीवाल के सफल मोहल्ला क्लीनिक को पंजाब में 15 अगस्त से शुरू किया जा रहा है, जो सेहत सुविधा जगत में एक क्रांति की शुरुआत होगी।
हमारी तैयारियां अंतिम चरण में.. लोगों को सुविधाएं मिले, यह यकीनी बनाया जाएगा
सहायक सिविल सर्जन डॉ. वरिंदर थिंद का कहना है कि हमारी तरफ से तैयारियां अंतिम चरण में है। सुविधा केंद्रों में मरम्मत का कार्य चल रहा है। 15 अगस्त को जालंधर में तीन मोहल्ला क्लीनिक शुरू किये जा रहे हैं, जिसमें एक अलावलपुर, बस्ती पीरदाद व कबीर नगर में है। वहां स्टाफ भी पूरा तैनात किया जाएगा। जिसकी तैयारियां हो चुकी हैं।
कोट
दिल्ली की सत्ता संभालने के बाद से अब तक मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की सरकार ने राष्ट्रीय राजधानी में अब तक करीब 500 मोहल्ला क्लीनिक खोले हैं। इससे लोगों को घर के नजदीक छोटी-छोटी बीमारियों का इलाज मिल रहा है और निशुल्क दवाएं उपलब्ध हो पा रही हैं। यह दिल्ली सरकार की सबसे महत्वाकांक्षी परियोजना है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी सराहना हुई है। दिल्ली सरकार के इस मोहल्ला क्लीनिक ने प्राथमिक स्वास्थ्य सुविधाओं को नया माडल दिया है। पंजाब में भी क्रांति की शुरुआत होने जा रही है
-मंगल सिंह बासी, लोकसभा प्रधान आम आदमी पाटी।