नाबालिग का हाल-चाल जानने रविवार को सिविल अस्पताल पहुंची प्रो. लक्ष्मी कांता चावला ने कहा है कि बेशक लोगों ने आप को अधिक समर्थन दिया है लेकिन इस बार देश का प्रधानमंत्री बनना मोदी की ही किस्मत में है।
उन्होंने कहा कि मेरी निजी सोच है कि देश में मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद गरीबों को अधिक राहत मिलेगी। उनकी सरकार का मुख्य निशाना गरीबी को खत्म करना है। लोकसभा चुनाव में सांसद नवजोत सिंह सिद्धू की तरफ से गैर हाजिर होने को भी प्रो. चावला ने क्लीन चिट दी। उन्होंने कहा कि सिद्धू की पत्नी ने उनकी हाजिरी में जो काम किया है, वह सराहनीय है। इस दौरान उन्होंने कहा कि देश में महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं। बेशक महिलाओं के मामले में कानून सख्त हैं, इसके बावजूद महिलाओं के साथ जबरदस्ती के केसों में लगातार वृद्धि होना चिंता का विषय है। प्रो. चावला ने कहा कि किसी महिला के साथ बलात्कार होना, किसी कत्ल से कम पीड़ा नहीं देता है।
प्रो. चावला ने अमृतसर सीट की बात करते हुए माना कि इस सीट पर चुनाव भाजपा के लिए किसी युद्धभन से कम नहीं था। उन्होंने दावा किया कि अमृतसर से जेटली का जीतना तय है। बेशक पंजाब में युवाओं की अधिकतर वोट आप को गई हैं, लेकिन इसका सीधा नुकसान कांग्रेस को होगा। दिल्ली की तरह पंजाब में आप का जादू नहीं चलेगा। पंजाब में अकाली-भाजपा के सभी प्रत्याशी जीतेंगे।
प्रो. चावला ने माना कि पंजाब में मतदाता सरकार विरोधी थे। उन्होंने कहा कि यह लड़ाई केंद्र की थी, पंजाब की नहीं। ऐसे में लोग पंजाब सरकार से कुछ नाराज जरूर हैं लेकिन देश में भाजपा का साथ पाने को भी उतावले हैं। पंजाब की कुछ सीटों पर तो कांग्रेस के कई दिग्गज नेताओं ने भाजपा को वोट देकर देश की बागडोर मोदी को सौंपने की कोशिश की है।