-दुष्कर्म केस में फरार आप विधायक ने वीडियो जारी करके सरकार पर लगाए गंभीर आरोप
-
अमर उजाला ब्यूरो
पटियाला। दुष्कर्म के केस में फरार चल रहे पटियाला जिले के सनौर हलके के आप विधायक हरमीत सिंह पठानमाजरा ने एक वीडियो जारी कर पंजाब सरकार व आप की दिल्ली हाईकमान को आड़े हाथ लिया है। वीडियो में पठानमाजरा ने कहा है कि उनका केवल इतना कसूर है कि बाढ़ आने पर उन्होंने पंजाब के हक में बात की। उन्होंने कहा कि उनकी पत्नी या परिवार के किसी भी सदस्य को कुछ होता है, तो इसके लिए पंजाब सरकार सीधे तौर पर जिम्मेदार होगी।
उन्होंने पंजाब के मामलों में दिल्ली के नेताओं की दखलअंदाजी का विरोध किया और जल संसाधन विभाग के प्रमुख सचिव कृष्ण कुमार को पंजाब में बाढ़ के लिए जिम्मेदार ठहराया। इसकी सजा यह मिल रही है कि उनके परिवार को तंग-परेशान किया जा रहा है। उनकी पत्नी बीमार हैं और उनका इलाज चल रहा है लेकिन उनकी पत्नी को हाउस अरेस्ट करके रखा हुआ है। घर से बाहर निकलने नहीं दिया जा रहा है। उनकी बेटी व बेटा भी छिपे हुए हैं क्योंकि डर है कि उन्हें किसी झूठे पुलिस केस में फंसाया जा सकता है। पठानमाजरा ने कहा कि बड़ी ही हैरानी की बात है कि उन्होंने पंजाब की आवाज उठाई लेकिन उनके हक में पार्टी का कोई भी विधायक और किसान संगठन खड़ा नहीं हुआ है। आगे कहा कि आज जो उनके साथ हो रहा है, वह कल किसी भी अन्य विधायक के साथ हो सकता है। इसलिए विधायकों को उनके हक में पंजाब विस में आवाज बुलंद करनी चाहिए। पठानमाजरा ने आरोप लगाया कि सरकार की ओर से उस पर माइनिंग व अफीम तस्करी के भी झूठे केस डाले जा रहा है।
गौरतलब है कि दुष्कर्म का केस दर्ज होने के बाद से पठानमाजरा सितंबर की शुरुआत से फरार हैं। जब पटियाला की पुलिस हरियाणा के गांव डबरी में पठानमाजरा को उसके रिश्तेदार के घर से गिरफ्तार करने गई थी। आरोप है कि पुलिस पर फायरिंग व पत्थरबाजी करते हुए पठानमाजरा मौके से फरार हो गए थे। इससे पहले जारी की वीडियो में पठानमाजरा ने सरकार पर उनका एनकाउंटर कराने की साजिश रचने के आरोप भी लगाए थे।