आजाद पार्षद राजविंदर सिंह लाटू की गिरफ्तारी के खिलाफ रविवार को मोहल्ला
निवासियों समेत नगर पार्षदों ने थाना सिटी के सामने धरना दिया और मुख्य चौक
में चक्का जाम लगा दिया। पार्षद लाटू को सीआईए स्टाफ ने शनिवार को भगोड़े
आरोपियों को पनाह देने और 300 ग्राम नशीला पाउडर रखने के मामले में
गिरफ्तार किया है। एसपी (एच) बलवीर सिंह ने मामले की पड़ताल करवाए जाने का
भरोसा देकर धरनाकारियों को शांत करवाया।
प्रदर्शनकारियों की अगुवाई कर
रहे आजाद पार्षद जसपाल सिंह, देसराज, मनोज कुमार, रणजीत सिंह बढेरा, काका
शर्मा, सूरज प्रकाश, मुकुंद सिंह कंदी, कौर सिंह संधू, दलीप चंद और जय
कृष्ण जुनेजा ने कहा कि लाटू पर पुलिस ने निजी रंजिश के तहत झूठे केस दर्ज
किए है। पारिवारिक सदस्यों के अनुसार दो जुलाई को सीआईए स्टाफ ने लाटू को
फरीदकोट बुलाया था और वह 3-4 लोगों को साथ लेकर फरीदकोट गया था।
बाद में
पता चला कि सीआईए स्टाफ ने उसके खिलाफ भगोड़े आरोपियों को पनाह देने और
नशीला पाउडर रखने के तहत दो केस दर्ज कर लिए गए हैं। इस मौके पर
धरनाकारियों ने लाटू के खिलाफ दर्ज हुए केस रद्द करके उसे तुरंत रिहा करने
की मांग रखी। मौके पर पहुंचे एसपी बलवीर सिंह ने कहा कि इस मामले की
उच्चधिकारी से जांच करवाने का भरोसा दिया।