-आईजी से लेकर डीआईजी के खिलाफ चल रहे हैं करप्शन के केस
-
सुरिंदर पाल
जालंधर।
रोपड़ रेंज के डीआईजी हरचरण सिंह भुल्लर की गिरफ्तारी से पंजाब में खाकी एक बार फिर दागदार हुई है। पंजाब में कई आला अधिकारी पहले भी भ्रष्टाचार के कारण जेल की हवा खा चुके हैं। मौजूदा समय में भी दो आईपीएस अधिकारी, एक आईजी व डीआईजी के खिलाफ भ्रष्टाचार के केस अदालत में विचाराधीन हैं। इतना ही नहीं डीजीपी से लेकर एआईजी तक विवादों में रहे हैं।
-आईजी प्रदीप कुमार यादव पर विजिलेंस ब्यूरो ने करप्शन का केस दर्ज कर अदालत में दायर कर रखा है। उन पर एक केस में 20 लाख रुपये की रिश्वत वसूलने का केस है। बाबा दयाल दास हत्याकांड में घटना के समय ही मोगा के गांव कपूरे के रहने वाले संत जरनैल दास को बतौर मुख्य आरोपी नामजद किया गया था जिसे पुलिस ने जांच के आधार क्लीन चिट दे दी थी। शिकायतकर्ता बाबा गगन दास के पैरवी करने पर आईजी फरीदकोट रहे प्रदीप कुमार यादव ने एसपी गगनेश कुमार की अध्यक्षता में एसआईटी बनाई, जिसमें डीएसपी सुशील कुमार व एसआई खेमचंद पराशर को भी शामिल किया गया। तीनों अधिकारियों ने हत्याकांड के मुख्य आरोपी जनरैल दास को दोबारा केस में नामजद करवाने के लिए शिकायतकर्ता गगन दास से आईजी के नाम 50 लाख की रिश्वत मांगनी शुरू कर दी और डरा धमकाकर 20 लाख रुपये वसूल भी लिए।
-पंजाब विजिलेंस ने फिरोजपुर के तत्कालीन डीआईजी इंदरबीर सिंह को रिश्वत लेने के केस में नामजद किया है। इंदरबीर वर्तमान में आर्म्ड पुलिस जालंधर में तैनात हैं। हालांकि विजिलेंस ने फिलहाल गिरफ्तारी नहीं की है। उनके खिलाफ डीएसपी लखबीर सिंह सरकारी गवाह बन चुके हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि डीआईजी ने 10 लाख रुपये की रिश्वत ली थी। भिखीविंड पुलिस ने 20 जून 2022 को नशा तस्कर को काबू किया था। उससे पूछताछ में कई पुलिस अधिकारियों का नाम सामने आए। फिर भिखीविंड पुलिस ने 6 जुलाई, 2022 को डीएसपी लखबीर संधू को गिरफ्तार किया गया। उससे पूछताछ में फिरोजपुर के तत्कालीन डीआईजी इंदरबीर सिंह का नाम सामने आने पर अब उनके खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
-एआईजी आशीष कपूर पर वर्ष 2018 में जालसाजी और धोखाधड़ी केस में दो महिलाओं को राहत देने के बदले उनसे चेक साइन करवाकर एक करोड़ रुपये बैंक से निकलवाने के आरोप में मामला दर्ज हुआ था। कपूर के अलावा डीएसपी पवन कुमार और एएसआई हरजिंदर सिंह पर भी एफआईआर दर्ज हुई थी। विजिलेंस ने 6 अक्तूबर, 2022 को कपूर को गिरफ्तार किया था। कपूर पर एक महिला से दुष्कर्म और जबरन उगाही का आरोप भी है। महिला ने कहा था कि वह इमिग्रेशन फ्रॉड से जुड़े एक केस में जेल में बंद थी। कपूर उस समय अमृतसर में जेल सुपरिंटेंडेंट थे। उन्होंने जेल में अपने पद का फायदा उठाते हुए उससे जबरन फिजिकल रिलेशन बनाए। इसके बाद कपूर ने माता रानी की फोटो के सामने महिला से शादी की थी। दुष्कर्म के बाद वह प्रेग्नेंट हो गई तो कपूर ने उसकी जमानत करवा दी। महिला का आरोप था कि कपूर ने ही मई 2018 में उसे जीरकपुर थाने में झूठे इमिग्रेशन केस में फंसाया था। कपूर ने महिला को अपना क्रेडिट कार्ड भी दे रखा था और उसके लिए घर खरीदने की बात भी कही थी। महिला ने क्रेडिट और डेबिट कार्ड यूज करते हुए करीब 24 लाख की शॉपिंग की थी।
इन पर भी कसा गया शिकंजा
-पंजाब में अपहरण के मामले में पंजाब पुलिस के आईजी गौतम चीमा समेत छह दोषियों को सीबीआई अदालत ने आठ महीने की सजा सुना रखी है। इन सभी पर भगोड़े एक आरोपी ने पुलिस हिरासत में अपहरण करने के आरोप लगाए थे। अदालत ने चीमा को आइपीसी की धारा 225 (किसी आरोपी की गिरफ्तार में बाधा पहुंचाने), 186 (पुलिस के काम में बाधा पहुंचाने) व 120बी (साजिश रचने) के तहत सजा सुनाई है।
-पंजाब में मोहाली स्थित सीबीआई कोर्ट ने रिटायर्ड आईपीएस बलकार सिंह
समेत 3 पुलिस वालों को 3-3 साल कैद की सजा सुनाई इन्होंने अमृतसर से एक युवक को उठाया था। जो बाद में गायब हो गया। 7 मई 1992 को अमृतसर के गांव पौरसी राजपूत गांव से सुरजीत सिंह नाम के युवक को उठाया था। उस वक्त के डीएसपी बलकार सिंह, एसएचओ उधम सिंह और कांस्टेबल रहे ऊधम सिंह ने यह कार्रवाई की।
-पंजाब के डीजीपी रह चुके सुमेध सैनी भी विवादों में रहे हैं। उन पर अपहरण व हत्या का मामला अदालत में चल रहा है। 33 साल पुराने आईएएस के बेटे बलवंत सिंह मुल्तानी हत्याकांड में पंजाब पुलिस के पूर्व डीजीपी सुमेध सैनी पर केस दर्ज होने के 5 साल बाद ट्रायल चल रहा है। मामले की जांच कर रही एसआईटी ने दिसंबर 2020 में सैनी के खिलाफ हत्या समेत सात धाराओं के तहत चार्जशीट दाखिल की थी।
-पंजाब के आईजी परमराज उमरानंगल गिरफ्तार हो चुके हैं। फरीदकोट जिले के गांव बरगाड़ी में 12 अक्टूबर, 2015 को श्री गुरु ग्रंथ साहिब की बेअदबी के बाद बहिबल कलां और फरीदकोट में हुई गोलीकांड की घटनाओं में आईजी परमराज सिंह उमरानंगल को गिरफ्तार किया था और वह जेल की हवा खा चुके हैं।