लूट के लिए दंपती को उतारा था मौत के घाट, बागबानी में इस्तेमाल होने वाले औजार को बनाया हथियार
हत्या को हादसे का रूप देना चाहता था आरोपी, रसोई गैस से धमाके की बनाई थी योजना
लमीनी स्टेडियम के पास वीरान जगह जमीन में दबाए गहने और हथियार भी बरामद
संवाद न्यूज एजेंसी
पठानकोट। मनवाल बाग में दोहरे हत्याकांड के आरोपी को जिला पुलिस ने हिमाचल से काबू कर लिया। मनवाल बाग में दंपती की हत्या के बाद आरोपी दसूहा चला गया था और वीरवार सुबह वह लौट रहा था। इसी दौरान कंदरोड़ी रेलवे स्टेशन पर तैनात पुलिस पार्टी ने उसे काबू कर लिया। पुलिस ने आरोपी से लूटे गहने और हत्या में इस्तेमाल घातक हथियार भी बरामद किए हैं। वहीं, पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने कई खुलासे किए हैं। बता दें, शुक्रवार को मनवाल बाग में पति पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी गई थी। पुलिस को शक था कि हत्या उनके नौकर बलविंदर उर्फ कालू ने की है। पुलिस ने कई सुबूत जुटाए, जिससे यह स्पष्ट हो गया कि बलविंदर ने ही हत्या की थी। एसएसपी हरकमलप्रीत सिंह खख का कहना है कि पठानकोट पुलिस ने पिछले शुक्रवार को हुए दोहरे हत्याकांड के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। बताया कि वैज्ञानिक जांच व तकनीकों के माध्यम से पठानकोट पुलिस ने हिमाचल के कंदरोड़ी रेलवे स्टेशन से बलविंदर सिंह उर्फ कालू को गिरफ्तार किया।
हत्या को हादसे की शक्ल देना चाहता था नौकर
एसएसपी खख ने बताया कि 9 जून को दोपहर राजकुमार खाना खाने घर के अंदर आए और पत्नी चंपा देवी सब्जी लेने बाजार चली गई। दुकान से घर में घुसे आरोपी ने बागबानी में इस्तेमाल होने वाले तेजधार औजार को हथियार के रूप में इस्तेमाल कर कई वार राजकुमार के सिर पर किए और मार डाला। इसी दौरान चंपा देवी सब्जी लेकर घर लौटी तो आरोपी ने उनके सिर पर भी तेजधार हथियार के वार किए। लेकिन, चंपा देवी ने पूरा संघर्ष किया। आखिरकार आरोपी ने चंपा देवी की भी जान ले ली। आरोपी ने सब्जी वाले लिफाफे शोर मचा रही चंपा देवी के मुंह में ठूंस दिए। योजनाबद्ध तरीके से आरोपी ने रसोई में गैस चला दी और कुकर रख दिया। आरोपी ने गैस पाइप में छेद कर दिए। ताकि, गैस के धमाके के बाद आग लगे और हत्या के सुबूत नष्ट हो जाएं। एसएसपी ने बताया कि आरोपी इस हत्याकांड को एक हादसे की शक्ल देना चाहता था। लेकिन, दरवाजे खिड़कियां खुली होने के कारण यह हादसा टल गया।
पुलिस से बचने के लिए कपड़े बदले, दोपहिया बेचने का किया प्रयास
एसएसपी ने बताया कि हत्या के बाद आरोपी घर से एक एक्टिवा लेकर फरार हो गया। इससे पहले उसने खून से सने कपड़े स्कूटी में रखे और अलमारी से निकाल मकान मालिक के कपड़े पहन लिए। फिर वह शहर के कई मोहल्लों में घूमा और एक्टिवा बेचने का प्रयास किया। लेकिन, नाकाम रहने पर उसने एक्टिवा शहर में खड़ी की और दसूहा चला गया। वहां उसने पूरी अय्याशी की और वीरवार सुबह तड़के फिर पठानकोट आने मन बनाया। इसी दौरान वह कंदरोड़ी में पकड़ा गया।
लमीनी स्टेडियम के पास वीरान जगह पर दबाए थे गहने
एसएसपी ने बताया कि आरोपी ने घर से लूटे गहने लमीनी स्टेडियम के पास वीरान जगह पर गड्डा खोदकर दबा दिए थे। आरोपी ने पूछताछ के दौरान गुनाह कबूला और उसकी निशानदेही पर गहने बरामद कर लिए गए। एसएसपी ने बताया कि आरोपी ने कुबूल किया है कि वह आर्थिक तौर पर कमजोर था और राजकुमार के घर में पड़े गहने और नकदी की उसे पूरी जानकारी थी। जिसके चलते उसकी नीयत खराब हो गई। जिसके बाद उसने वारदात को अंजाम दिया।
वारदात स्थल से पुलिस को मिले कई सबूत
एसएसपी ने बताया कि पुलिस को घटनास्थल से कई सबूत मिले। जिनमें अहम फुट प्रिंट हैं। आरोपी के खून से सने जूतों के निशान फर्श और पूजा स्थल के कपड़े पर मिले। इसके अलावा, चंपा देवी ने संघर्ष के दौरान आरोपी के बाल नोचे थे। जिसे पुलिस ने मृतका के हाथ से बरामद किए। उन्होंने बताया कि इन सबूतों को डीएनए और फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा है। ताकि, आरोपी के खिलाफ मजबूत केस बनाया जा सके और वारदात के लिए उसे सख्त सजा मिल सके। एसएसपी खख ने आम जनता से अपील करते कहा कि वे किसी भी घरेलू नौकर या नौकर के चरित्र और पृष्ठभूमि को पुलिस के माध्यम से सत्यापित करना सुनिश्चित करें, ताकि किसी भी अवांछित घटना को रोका जा सके।
फोटो:-3-पठानकोट पुलिस की गिरफ्त में मनवाल बाग में हत्या का आरोपी, वारदात में इस्तेमाल हथियार, आरोपी से बरामद किए गहने।