अमृतसर हाईवे पर मंगलवार की सुबह अज्ञात वाहन की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। इस दौरान कई घंटे तक शव के ऊपर से वाहन निकलते रहे। इससे शव कई टुकड़ों में बंट गया और आंतों से लेकर मांस सड़क से चिपक गया। पुलिस को मजदूर बुलाकर फावड़े से शव को इकट्ठा कराना पड़ा। मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी है।
पुलिस ने अभी शव के छोटे-छोटे टुकड़ों को चादर में लपेटकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अमृतसर हाईवे पर यह हादसा मंगलवार सुबह का है। आशंका जताई जा रही है कि अंधेरे की वजह से यह व्यक्ति किसी तेज रफ्तार वाहन की चपेट में आ गया। इससे उसकी मौके पर मौत हो गई। इसके बाद कई घंटे तक वाहन शव के ऊपर से गुजरते रहे।
हादसे की सूचना के बाद साढ़े आठ बजे पुलिस मौके पर पहुंची तो शव अलग-अलग हिस्सों में बिखरा पड़ा था। शव का सिर कुचल चुका था। पुलिस को उसकी शरीर के अंग बिखरे मिले। डीसीपी गुरमीत सिंह का कहना है कि अभी मृतक की शिनाख्त नहीं हुई है। शिनाख्त कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। 72 घंटे तक इंतजार करने के बाद पोस्टमार्टम कराया गया।