जलालेआना रोड पर महर्षि वाल्मीकि चौक से सटे गुरुद्वारा शिरोमणि संगत साहिब के बाहर रविवार दोपहर तेज रफ्तार कैंटर की टक्कर में बाइक सवार की मौत हो गई। मृतक की पहचान गांव जलालेआना निवासी रमनदीप सिंह (32) पुत्र सतनाम सिंह के रूप में हुई है। हादसे के बाद कैंटर चालक मौके से फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार गांव जलालेआना में कपड़े सिलाई का काम करने वाला नौजवान रमनदीप सिंह बाइक पर शहर आ रहा था। जैसे ही वह गुरुद्वारा साहिब के पास पहुंचे, एक तेज रफ्तार कैंटर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। इससे वह सड़क पर गिर गया और कैंटर के टायर के नीचे आ गया। थाना सिटी पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए फरीदकोट के गुरु गोबिंद सिंह मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया है। मामले की पड़ताल की जा रही है।