संवाद न्यूज एजेंसी
पठानकोट। काउंटर इंटेलिजेंस (सीआई) ने विदेश में रची गई टारगेट किलिंग की साजिश नाकाम की है। पुलिस ने इस मामले में दो गुर्गों को गिरफ्तार किया है। यह जानकारी डीजीपी पंजाब गौरव यादव ने दी।
गिरफ्तार व्यक्तियों की पहचान रविंदर सिंह उर्फ ढिल्लों और जशनप्रीत सिंह के रूप में हुई है। उनके पास से दो .30 बोर पिस्तौल और 10 कारतूस बरामद हुए। पुलिस ने उनकी बिना नंबर वाली स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी जब्त की है। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि मुल्जिम विदेश स्थित एक हैंडलर के इशारे पर काम कर रहे थे। वे दुबई से लौटे थे। डीजीपी ने बताया कि अन्य गुर्गों की पहचान के लिए जांच जारी है।
गिरफ्तारी का विवरण
एआईजी सीआई पठानकोट सुखमिंदर सिंह मान ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी। दो मोटरसाइकिल सवार हथियार के साथ टारगेट किलिंग के लिए गुरदासपुर से बटाला जा रहे थे। सीआई पठानकोट की टीमों ने तुरंत कार्रवाई कर इलाके की घेराबंदी की। दोनों संदिग्धों को गुरदासपुर के बाहरी इलाके से गिरफ्तार किया गया। इस संबंध में थाना एसएसओसी, अमृतसर में 10 सितंबर को एफआईआर नंबर 57 दर्ज की गई है।