दिल्ली से प्राइवेट बस में पठानकोट आ रहे पल्लेदार को जहर खुरानी गिरोह ने नशीला पदार्थ सुंघाकर रास्ते में उतार लिया। उक्त लोगों ने उसकी जेब में पड़े 40 हजार रुपये और सामान लूट लिया। इसके बाद वह नशे की हालत में छोड़कर फरार हो गए। बुधवार को दिल्ली से निकला युवक तीन दिन बाद मीरथल के पास नशे ही हालत में पड़ा मिला। जंडी चौंता का रहने वाला युवक सुनील कुमार दिल्ली-गुड़गांव में पल्लेदारी का काम करता है।
रिश्तेदार धर्मपाल ने बताया कि 9 अक्तूबर की रात सुनील दिल्ली से प्राइवेट बस में आ रहा था। उस दिन सुनील ने 9.30 बजे फोन करके बताया कि वह सवेरे पहुंच जाएगा लेकिन 10 अक्तूबर को सुनील घर नहीं पहुंचा। 10 अक्तूबर को दोपहर बाद सुनील का फोन आया कि अज्ञात लोगों ने उससे मारपीट करके नकदी व सामान छीन लिया। उसके बाद सुनील का मोबाइल स्विच आफ हो गया। परिवार ने पुलिस से शिकायत कर मोबाइल की लोकेशन ट्रेस करवाई तो वह लुधियाना के ढंडारी इलाके में मिली। उन्होंने लुधियाना जाकर काफी ढूंढा लेकिन सुनील का पता नहीं चला।
धर्मपाल ने बताया कि शनिवार दोपहर को मीरथल से सरपंच को फोन आया कि सुनील कुमार पठानकोट के मीरथल एरिया में नशे की हालत में बेसुध पड़ा है। उससे उठा नहीं जा रहा। परिवार वाले मौके पर गए और सुनील को बेसुध हालत में घर लेकर आए। परिवार का कहना है कि सुनील के पास 40 हजार रुपये नकदी व सामान था। वह नहीं मिला। परिवार का कहना है कि अज्ञात लुटेरों ने सुनील को कुछ सुंघाकर मारपीट और सामान लेकर नशे की हालत में फेंककर चले गए। सुनील को अस्पताल लाया गया। परिवार का कहना है कि सुनील को होश आने पर पूरी घटना का पता चलेगा।