संवाद न्यूज एजेंसी
पठानकोट। शहर के बीचों बीच सैनगड़ एरिया में दो नकाबपोश लुटेरे वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए हैं। हैरानी की बात यह है कि नए एसएसपी के चार्ज लेने के पहले ही दिन लूट की वारदात हो गई है। सूचना पाकर पुलिस घटनास्थल पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। केक एंड बैक दुकान के मालिक रितेश ने बताया कि वह रात को अपनी दुकान पर बैठा था। तभी एक सिख और एक मोना नकाबपोश युवक उनके पास आए। एक के हाथ में दातर और दूसरे ने हाथ में पिस्तौल पकड़ी हुई थी। दोनों लुटेरे उससे पैसे की मांग करने लगे और कहने लगे कि पहले ही वे एक को गोली मारकर आए हैं। अगर तुमने पैसे नहीं दिए तो तुम्हें भी गोली मार देंगे। रितेश ने कहा कि इतने में दोनों लुटेरे उससे दो हजार रुपये लूटकर फरार हो गए। पीड़ित ने कहा कि वारदात की पूरी घटना दुकान पर लगे सीसीटीवी में कैद हो गई है। वहीं पुलिस का कहना है कि पीड़ित के बयान दर्ज करके सीसीटीवी फुटेज के आधार पर लुटेरों की तलाश शुरू कर दी है।