पठानकोट। सुजानपुर-पठानकोट रोड पर प्रभु इलेक्ट्रानिक शोरूम की छत से अंदर घुसे चोर लाखों का सामान उड़ा ले गए। चोर जाते समय सीसीटीवी की डीवीआर भी साथ ले गए। थाना सुजानपुर की पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
दुकान मालिक जगदीश राज ने बताया कि शनिवार की सुबह साढ़े नौ बजे दुकान खोली तो ऊपर का दरवाजा खुला था। चोर दुकान के पीछे से सीढ़ी लगाकर छत चढ़े। इसके बाद गेट के ताले को काटा और नीचे आ गए। चोर शोरूम से 20 एलइडी व विभिन्न कंपनियों के 20 मोबाइल, जूसर मिक्सर ग्राइंडर, होम थिएटर, डेढ़ लाख रुपये, चेक बुक, सीसीटीवी की डीवीआर चुरा ले गए। घटना की सूचना मिलने थाना प्रभारी अवतार सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण कर डॉग स्क्वायड व फिंगर प्रिट एक्सपर्ट को बुलाया। थाना प्रभारी ने बताया चोरों का सुराग लगाने के लिए आसपास की दुकानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।