संवाद न्यूज एजेंसी
जालंधर। काउंटर इंटेलिजेंस जालंधर की टीम ने लाॅरेंस बिश्नोई गैंग के गुर्गे को दो पिस्तौलों सहित गिरफ्तार किया है। इससे उक्त गिरोह द्वारा पंजाब और मध्य प्रदेश में टारगेेट किलिंग करने की साजिश नाकाम हो गई। डीजीपी पंजाब गौरव यादव ने बताया कि आरोपी की पहचान कपूरथला के फगवाड़ा निवासी हिमांशु सूद के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी से एक .30 बोर की चीनी पीएक्स 3 पिस्तौल, एक .32 बोर की पिस्तौल और दो मैगजीन सहित सात कारतूस बरामद किए हैं।
डीजीपी यादव ने बताया कि प्राथमिक जांच से पता लगा है कि हिमांशु अपने गैंग सदस्यों के साथ मिलकर अपने दुबई में बैठे हैंडलर नमित शर्मा के निर्देश पर एक अंतरराज्यीय गैंग चला रहा था। उन्होंने बताया कि नमित शर्मा गैंगस्टर लाॅरेंस बिश्नोई का करीबी साथी है। उन्होंने बताया कि जून 2025 में हिमांशु सूद ने अन्य गैंग सदस्यों के साथ मिलकर अपने हैंडलर नमित शर्मा के निर्देश पर हरिद्वार में एक होटल मालिक अरुण पर गोलियां चलाईं थीं। हिमांशु को उसके हैंडलर ने क्रमवार मध्य प्रदेश, लुधियाना और कपूरथला समेत तीन टारगेट को खत्म करने का काम सौंपा था। सीआई जालंधर की टीम ने जन सुरक्षा के लिए एक बड़े खतरे को टालते हुए साजिश को नाकाम कर दिया।
सहायक इंस्पेक्टर जनरल, सीआई जालंधर नवजोत सिंह माहल ने बताया कि पुलिस टीमों को लाॅरेंस बिश्नोई गैंग के गुर्ग हिमांशु के बारे पुख्ता जानकारी मिली थी। पता चला था कि आरोपी राज्य में आपराधिक गतिविधियां अंजाम देने की साजिश रच रहा है। एआईजी ने कहा कि मुस्तैदी से खुफिया कार्रवाई की गई। हिमांशु सूद को दकोहा रेलवे क्रॉसिंग जालंधर के पास से हथियारों समेत तब गिरफ्तार किया जब वह अपने साथी का इंतजार कर रहा था। आरोपी पर पुलिस स्टेशन स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल ( एसएसओसी), अमृतसर में एफआईआर दर्ज की गई है।