पंजाब में सर्दी के प्रकोप ने लोगों की जान लेनी शुरू कर दी है। जालंधर में ठंड से एक व्यक्ति की मौत हो गई। थाना डिवीजन नंबर 8 के तहत आते सोढल नगर की टावर वाली गली में एक व्यक्ति की ठंड से मौत हो गई। मृतक के पास से कोई भी दस्तावेज न मिलने के कारण पहचान नहीं हो पाई। मौके पर पहुंचे थाना डिवीजन नंबर 8 के एएसआई मंजीत राम ने कहा कि उन्हें सुबह कंट्रोल रूम से सूचना मिली थी कि सोढल मंदिर के पीछे टावर वाली गली में एक शव पड़ा है। सूचना मिलते ही वह पुलिस कर्मचारियों के साथ पहुंचे तो देखा कि वहां एक प्रवासी का शव पड़ा था। उन्होंने जब लोगों से पूछा तो पता चला कि व्यक्ति देर रात यहां सो गया था। ठंड ज्यादा होने के कारण उसकी मौत हो गई। मृतक के कपड़ों की तलाशी लेने पर उसके पास से कोई भी दस्तावेज नहीं मिला है, जिस कारण उसकी पहचान नहीं हो पाई। एएसआई मंजीत राम ने कहा कि शिनाख्त के लिए लाश को 72 घंटों के लिए सिविल अस्पताल के शव गृह में रखवा दिया है। अगर मृतक का कोई भी जानकार नहीं मिला तो 72 घंटों के बाद उसका संस्कार कर दिया जाएगा।