पठानकोट। कस्बा तारागढ़ में कार चालक ने अचानक दरवाजा खोल दिया, जिससे बाइक सवार मां-बेटा कार के दरवाजे से टकराकर सड़क में गिर गए। इसी दौरान सामने से आई कंबाइन ने बुजुर्ग मां को कुचल दिया। बुजुर्ग महिला की मौके पर मौत हो गई। जबकि बेटा घायल हो गया। तारागढ़ पुलिस ने कार चालक और कंबाइन चालक दोनों पर मामला दर्ज किया है।
शिकायतकर्ता गुरदासपुर के गांव इस्लामाबाद निवासी सूरज प्रकाश ने पुलिस को दिए बयान में बताया वह अपनी माता नरेश कुमारी के साथ बाइक पर तारागढ़ जा रहे थे। वह जब तारागढ़ स्थित सुआ पुल से पीछे पहुंचे तो आगे व्यक्ति ने अचानक कार को रोककर और दरवाजा खोल दिया। कार चालक की लापरवाही से उसकी बाइक कार के दरवाजे से टकराई। जिससे वह और उसकी माता सड़क के किनारे गिर गए। इसी दौरान तारागढ़ साइड से एक तेज रफ्तार कंबाइन आई। ड्राइवर ने कंबाइन का अगला टायर उसकी माता के सिर के ऊपर से गुजार दिया। जिससे उनकी मौके पर मौत हो गई और उसे काफी चोटें आई हैं। तारागढ़ पुलिस ने नंगल फरीदा निवासी कार चालक अशोक कुमार और अज्ञात कंबाइन चालक के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।