जालंधर रोड स्थित पंडित जगत राम सरकारी पॉलिटेक्निकल कॉलेज परिसर में शुक्रवार बाद दोपहर कॉलेज के छात्र ने एक लेक्चरार पर जीप चड़ा दी।
इसके कारण लेक्चरर गंभीर रूप में घायल हो गया, जिसे तुरंत सिविल अस्पताल भर्ती करवाया गया। गंभीर हालत में उसे फगवाड़ा रोड स्थित शिवम अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना के बाद मॉडल टाऊन पुलिस ने आरोपी मामले की जांच शुरू कर दी। जबकि गाड़ी लेकर आने वाले दोनों आउटसाइडर युवकों की पुलिस तलाश कर रही है।
इस बीच जहां घायल लेक्चरर के साथी अध्यापकों का कहना है कि मामले के पीछे उक्त युवक को बाहरी युवकों को साथ लेकर आने से रोकना कारण रहा है।
वहीं मामले में आरोपी छात्र ने पुलिस को दिए बयान में कहा कि उसे गाड़ी चलानी नहीं आती और मजाक में ही दोस्तों की जीप उसने चला दी जो उससे बेकाबू होकर लेक्चरर पर जा चढ़ी। खबर लिखे जाने तक पुलिस मामले की जांच कर रही थी और फिलहाल कोई मामला दर्ज नहीं किया गया था।
मॉडल टाऊन पुलिस के सामने दर्ज कराए बयान में प्रो. मनीष कपिल पुत्र मदन लाल निवासी इंदिरा कालोनी ने बताया है कि प्रो. पंकज चावला (40) पंडित जगत राम सरकारी पॉलिटेक्निकल कालेज में प्लास्टिक टेक्नोलॉजी विभाग के लेक्चरर हैं। पिछले कुछ समय से कालेज का एक विद्यार्थी बाहरी युवाओं को को कालेज में लेकर आता था।
इस पर प्रो. पंकज ने उसे ऐसा करने से कई बार रोका था। शुक्रवार को जब प्रो. चावला उनके साथ ही रूम में बैठे थे और बच्चों के प्रेक्टिकल हो रहे थे, इस दौरान पंकज चावला के मोबाइल पर फोन आ गया, जिसे वे सुनने के लिए बाहर गए तो उक्त विद्यार्थी बाहरी साथियों के साथ एक खुली जीप में सवार होकर आया और पंकज चावला की हत्या की नीयत से जीप प्रो. चावला पर चढ़ा दी।
जीप से प्रो. चावला को टक्कर मारने पर जब वह गिर गए तो आरोपियों ने प्रो. चावल की छाती पर जीप चढ़ा दी और फरार हो गए।
उसने बताया कि जीप को कालेज के प्लास्टिक टेक्नोलॉजी प्रथम सेमेस्टर का विद्यार्थी अर्जुन बग्गा पुत्र बलराम बग्गा निवासी पिपलावालां अपने दो अन्य अज्ञात युवकों के साथ चला रहा था।
मनीष कपिला ने बताया कि गंभीर हालत में पंकज चावला को सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया जहां से उसे फगवाड़ा रोड स्थित शिवम अस्पताल में भर्ती रेफर कर दिया गया। उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
रात पौने नौ बजे थाना माडल टाउन में मामले के जांच अधिकारी एएसआई प्रदीप कुमार ने बताया कि इस संबंध में आरोपी छात्र से पूछताछ की गई तो उसने कहा है कि वह जीप चलाना नहीं जानता और अपने दोस्तों की जीप पर बैठा मजाक कर रहा था कि जीप अचानक चल पड़ी और बेकाबू होकर लेक्चरर पर जा चढ़ी। जांच अधिकारी के मुताबिक मामले की जांच की जा रही है। दोनों पक्षों के बयानों की पूरी जांच के बाद ही मामला दर्ज किया जाएगा।