जालंधर में शिव सेना के खिलाफ प्रदर्शन करते सिख संगठन।
- फोटो : अमर उजाला
शिव सेना की ओर से की जाने वाली ललकार रैली का विरोध लगातार बढ़ता जा रहा है। इसके खिलाफ मंगलवार सुुबह सिख संगठनों ने बीएमसी चौक पर धरना लगा दिया है। ट्रैफिक जाम होने से लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
प्रदर्शनकारियों ने काफी देर तक चौक पर जाम रखा। पुलिस अधिकारियों की ओर से समझाने के बाद उन्होंने बीएमसी चौक से धरना खत्म किया। इसके बाद सिख संगठनों की ओर डीसीपी को इस मामले के संबंध में एक मांग पत्र भी सौंपा गया। उन्होंने डीसीपी से ललकार रैली को रद्द करवाने की मांग की।
सिख तालमेल कमेटी के गुरमीत सिंह बिट्टू व तजिंदर सिंह परदेशी ने कहा कि इस ललकार रैली की वजह से पंजाब का माहौल खराब हो सकता है। डीसीपी ने उन्हें भरोसा दिलाया कि वे इस मामले को सुलझाने की पूरी कोशिश करेंगे। शिवसेना की ओर से शिव सेना नेताओं पर हो रहे हमलों के चलते चंडीगढ़ से अमृतसर तक ललकार रैली करने का एलान किया गया था।
इस दौरान सिखों पर कुछ टिप्पणी भी की गई थी, जिसके बाद सिख संगठन नाराज हो गए थे। इस वजह से सिख संगठनों ने डीसीपी को मांग की है कि इस रैली को रद्द करवाया जाए।