लोकसभा चुनाव के मद्देनजर की गई नाकाबंदी के दौरान जालंधर कमिश्नरेट पुलिस को बड़ी सफलता मिली है।
पुलिस डिविजन नंबर सात की टीम ने मध्य प्रदेश से ट्रक में छिपाकर पंजाब लाई गई 100 बोरी चूरा पोस्त बरामद की है। पुलिस ने ट्रक चालक और क्लीनर को गिरफ्तार कर लिया है।
एक अन्य तस्कर की तलाश में छापामारी की जा रही है। एडीसीपी भंडाल और एसीपी वेस्ट मनप्रीत ने बताया कि पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि कहीं इस खेप का इस्तेमाल लोकसभा चुनाव के दौरान तो नहीं किया जाना था?
एडीसीपी सिटी परमिंदर सिंह भंडाल, एसीपी वेस्ट मनप्रीत सिंह ढिल्लो ने बताया कि डिविजन सात की टीम के एसएचओ हरपाल ग्रेवाल ने सहयोगियों के साथ 66 फीट रोड पर होटल व्हाइट डायमंड रिसोर्ट के पास नाकेबंदी की हुई थी।
इस दौरान सीटी इंस्टीट्यूट की ओर जा रहे एक ट्रक को रोका गया। ट्रक की तलाशी ली गई तो उसमें पशुओं की खुराक से भरी बोरियां पड़ी हुईं थी। इन बोरियों के पीछे कुछ अलग तरह की बोरियां पुलिस को नजर आई।
उन्हें खोलकर देखा गया तो उसमें भुक्की पड़ी हुई थी। करीब 100 बोरियां ट्रक से ऐसी निकली जिसमें भुक्की भरी हुई थी। एडीसीपी भंडाल व मनप्रीत के मुताबिक इस खेप की बाजार में कीमत करीब 40 लाख रुपये बताई जा रही है।
ट्रक चालक की पहचान मंगल सिंह मंगा पुत्र जोगा सिंह निवासी बिलगा, इंदरजीत सिंह पुत्र शिंगारा सिंह निवासी लोहगढ़ के रूप में हुई है।
पुलिस ने मंगा से सख्ती से पूछताछ की तो पता चला कि उस पर पहले भी फिल्लौर थाने में 23 बोरी चूरा पोस्त का केस दर्ज है। उसका ट्रक पकड़ा गया था लेकिन वह ट्रक और माल छोड़कर भाग निकला था।
एसीपी ढिल्लो ने बताया कि इस खेप को नकोदर और आसपास के इलाकों में बेचा जाना था। साथ ही बिंदर तक पहुंचाया जाना था। प्राथमिक जांच में पता चला है कि इस खेप को इंदौर से लाया गया था।