एसीपी ट्रैफिक अजय सिंह ने बताया कि कैंट इलाके के नजदीक ट्रैफिक पुलिस द्वारा नाकाबंदी कर वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान एक ट्रक को जांच के लिए रोका गया। ट्रक चालक मोबाइल फोन के माध्यम से अपना ड्राइविंग लाइसेंस पुलिस कर्मचारियों को दिखा रहा था।
जालंधर बाईपास-फगवाड़ा रोड के पास ट्रैफिक नाके पर ट्रक चालक को थप्पड़ मारने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस विभाग ने कार्रवाई की है। कमिश्नरेट पुलिस ने संबंधित ट्रैफिक कर्मचारी को लाइन हाजिर कर दिया है और उसके खिलाफ विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी गई है। एसीपी ट्रैफिक अजय सिंह ने बताया कि कैंट इलाके के नजदीक ट्रैफिक पुलिस द्वारा नाकाबंदी कर वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान एक ट्रक को जांच के लिए रोका गया। ट्रक चालक मोबाइल फोन के माध्यम से अपना ड्राइविंग लाइसेंस पुलिस कर्मचारियों को दिखा रहा था। इसी दौरान मोबाइल फोन को लेकर चालक और ट्रैफिक कर्मचारियों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि स्थिति गर्माने पर ट्रैफिक कर्मचारियों ने चालक को थप्पड़ मार दिए।
विज्ञापन
एसीपी ने स्पष्ट किया कि पुलिसकर्मी का इस तरह का व्यवहार बिल्कुल उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि आम जनता के साथ पुलिस को हमेशा मर्यादा, संयम और कानून के अनुसार व्यवहार करने की हिदायत है। घटना का तत्काल संज्ञान लेते हुए संबंधित कर्मचारी को लाइन हाजिर किया गया है और उसके खिलाफ विभागीय कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
वहीं, तलवंडी साबो निवासी मनप्रीत सिंह ने आरोप लगाया कि वह जालंधर बाईपास-फगवाड़ा रोड से ट्रक में लोड लेकर जा रहा था, तभी एक पुलिसकर्मी ने उसे रोक लिया और कथित तौर पर पैसों की मांग की। मनप्रीत के अनुसार, पैसे देने से इनकार करने पर उसका चालान काट दिया गया। उसने जब पूरे मामले की मोबाइल से वीडियो बनाने की कोशिश की तो पुलिसकर्मी ने उसका मोबाइल फोन छीन लिया। मोबाइल वापस लेने के प्रयास के दौरान कथित तौर पर उसे थप्पड़ मारा गया।घटना की वीडियो सामने आने के बाद मामला चर्चा में आया, जिसके बाद पुलिस विभाग ने कार्रवाई करते हुए संबंधित कर्मचारी को लाइन हाजिर कर दिया। पैसे मांगने के आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।