राज्य सरकार ने सिख जत्थेबंदियों की ओर से 10 नवंबर को तलवंडी साबो में प्रस्तावित सरबत खालसा को विफल बनाने के लिए सिख जत्थेबंदियों के नेताओं की धरपकड़ शुरू कर दी है। जिला फरीदकोट में पुलिस की ओर से रविवार को विभिन्न स्थानों पर छापामारी करते जत्थेबंदियों के करीब 22 नेताओं को हिरासत में लिया गया।
इनमें से कुछ नेताओं को बिना किसी कार्रवाई के छोड़ दिया गया, जबकि 11 नेताओं को शांति भंग करने के आशंका के मद्देनजर ड्यूटी मैजिस्ट्रेट के पेश कर जेल भेज दिया गया है। फरीदकोट पुलिस की ओर से रविवार सुबह सबसे पहले गांव सांधावाला में छापामारी की गई। यहां से सिख प्रचारक बाबा अवतार सिंह सांधावाला समेत उनके कुछ साथियों को हिरासत में लिया गया, लेकिन बाद में पुलिस उन्हें छोड़कर वापस लौट आई।
पुलिस ने फरीदकोट, सादिक, कोटकपूरा और जैतो में भी सिख जत्थेबंदियों से जुड़े नेताओं के घरों पर दबिश दी और कई नेताओं को हिरासत में लिया। हिरासत में लिए गए 11 नेताओं जोगिंदर सिंह गोलेवाला, सुरिंदर सिंह अराईयांवाला, जसवीर सिंह पक्खी, जमीत सिंह किलानौ, कुलविंदर सिंह डग्गो रोमाना, रूपिंदर सिंह जलालेआना, रूप सिंह फिड्डे कलां, राजिंदर सिंह बरगाड़ी, अमर सिंह बरगाड़ी, सुखजिंदर सिंह रत्तीरोड़ी, सुखपाल सिंह को फरीदकोट, कोटकपूरा और जैतो में ड्यूटी मैजिस्ट्रेट के पास पेश कर उन्हें जेल भेज दिया गया। पुलिस की ओर से शिअद अमृतसर के जिला प्रधान सुरजीत सिंह अराईयांवाला की तलाश में भी छापामारी की गई, लेकिन फिलहाल वह पुलिस के हाथ नहीं लगे।