जालंधर। मकसूदां स्थित फ्रूट मंडी में हथियारबंद युवकों ने हमला किया। बाइकों पर आए छह हमलावरों ने एक युवक पर तेजधार हथियारों से वार किया। इस वारदात में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हमलावरों ने मंडी में जमकर उत्पात मचाया और वहां खड़े वाहनों में भी तोड़फोड़ की। फ्रेश सोडा पॉइंट नामक वैन के शीशे भी पूरी तरह तोड़ दिए गए। घायल युवक के भाई के अनुसार, विवाद की शुरुआत फ्रूट मंडी में हुई थी। वहां अचानक कुछ युवकों ने उसके भाई को घेर लिया और तेजधार हथियारों से हमला किया। हमले में युवक के शरीर पर कई जगह गहरे घाव आए।
घर पर भी हमला और लूट
आरोप है कि हमलावरों ने इसके बाद पीड़ित युवक के घर पर भी धावा बोल दिया। इस दौरान एक अन्य युवक के सिर पर गंभीर चोटें आईं। पीड़ित युवक ने आरोप लगाया है कि मारपीट के दौरान हमलावर उसकी सोने की चेन और कड़ा भी छीनकर ले गए। हमले और तोड़फोड़ की यह पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। पीड़ित परिवार ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।