ममदोट (फिरोजपुर)। थाना ममदोट के तहत आते चपाती रोड पर मिट्टी से लदी ट्रैक्टर-ट्राली और बाइक की भिड़ंत हो गई। इस हादसे में पोते संग बाइक पर जा रही एक 65 वर्षीय महिला की मौत हो गई। जबकि पोता जख्मी हो गया, उसे स्थानीय अस्पताल में दाखिल करवाया गया। उधर, थाना ममदोट पुलिस ने सोमवार को आरोपी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक क्षेत्र के श्मशानघाट की तरफ से जोगिंदर कौर (65) पत्नी सोन सिंह वासी गांव चपाती अपने पोते के साथ बाइक पर ममदोट की तरफ आ रही थी। जैसे ही चपाती रोड पर पहुंचे कि मिट्टी से लदी तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्राली ने बाइक को टक्कर मार दी, जिससे बाइक समेत दोनों सड़क पर गिर पड़े। बुजुर्ग महिला की गंभीर चोटें लगने से मौके पर ही मौत हो गई। जबकि उसका पोता जख्मी हो गया। पोते को स्थानीय अस्पताल में दाखिल करवाया गया है।