मुक्तसर। पुरानी पेंशन बहाली संघर्ष कमेटी पंजाब के आह्वान पर सोमवार को मुलाजिमों ने गिद्दड़बाहा के विधायक अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग और मुक्तसर के विधायक कंवरजीत सिंह रोजी बरकंदी को राज्य सरकार के नाम एक वादा याद कराओ पत्र सौंपा। यह पत्र जिला कन्वीनर हरप्रीत सिंह बराड़ के नेतृत्व में दिया गया। इस दौरान नेताओं ने चेतावनी दी कि अगर 23 मार्च को प्रिंसिपल सचिव सुरेश कुमार के साथ होने जा रही बैठक में मुलाजिमों के पक्ष में कोई नतीजा नहीं निकला तो संघर्ष को और तेज करेंगे।
वक्ताओं ने कहा कि कांग्रेस ने 2017 के चुनाव के दौरान वादा किया था कि सरकार बनने पर 2004 के बाद भर्ती मुलाजिमों पर पुरानी पेंशन योजना लागू की जाएगी। इस संबंध में 2019 में एक हाई पावर पेंशन रीव्यू कमेटी का गठन भी किया गया था, मगर अभी तक मुलाजिमों के हक में कोई नतीजा नहीं निकल सका है। विधायक अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने आश्वासन दिया कि वे मुलाजिमों के याद पत्र को सरकार तक पहुंचाएंगे और कोशिश करेंगे कि पुरानी पेंशन योजना बहाल हो सके। शिअद विधायक रोजी बरकंदी ने कहा कि वे मुलाजिमों की मांगों से सहमत हैं और वे इन्हें मनवाने के लिए सरकार पर दबाव बनाएंगे। इस मौके पर सुखदेव सिंह, रणबीर भंडारी, परमिंदर सिंह खोखर, अशोक शर्मा, अमर सिंह, सुखराम, गुरजीत सिंह और हरमन सिंह मौजूद रहे।