पठानकोट। सदर पुलिस ने दबिश देकर भोआ के बुड्ढानगर जीटी रोड बाइपास किनारे बिना लाइसेंस इमीग्रेशन ऑफिस खोलने के आरोप में 2 लोगों को पकड़ा है। पुलिस के मुताबिक इन लोगों ने कुवैत की कंपनी के जाली स्टैंप पैड भी छिपाकर रखे थे। सदर पुलिस ने पकड़े दोनों लोगों पर केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। सदर थाना प्रभारी हरप्रीत कौर ने बताया कि पुलिस टीम गश्त करती हुई सरना साइड जा रही थी। अड्डा सरना पहुंची तो मुखबिर ने सूचना दी कि 2 लोगों ने बुड्ढानगर जीटी रोड बाइपास किनारे इमीग्रेशन दफ्तर खोला है। इनके पास कोई भी लाइसेंस या मान्यता नहीं है। आरोप था कि उक्त लोग भोलेभाले लोगों को विदेश भेजने के नाम पर धोखाधड़ी से पैसे वसूल रहे हैं। लोगों को बातों में फंसाकर धोखाधड़ी कर विदेश भेजने के नाम पर पासपोर्ट लेकर अपने पास रख लेते हैं। इन लोगों ने कुवैत की कंपनी के जाली स्टैंप पैड छिपा रखे हैं। पुलिस ने दबिश दी तो दफ्तर में 2 लोग थे, जो पुलिस को देख खिसकने लगे। पुलिस ने दोनों को काबू किया। इन्होंने अपना नाम जलजोध मसीह निवासी गोत पोखर और लक्की निवासी मुनन कलां भैणी मीयां खां जिला गुरदासपुर बताया। वे पुलिस को इमीग्रेशन दफ्तर का लाइसेंस या मान्यता प्राप्त कागजात पेश नहीं कर सके। पुलिस ने जाली स्टैंप पैड बरामद किए। आरोपियों के कब्जे से 9 पासपोर्ट और 52,500 रुपये भी बरामद हुए। एसएसपी हरकमलप्रीत सिंह खख ने कहा कि पुलिस अपने नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। किसी को भी निर्दोष लोगों को धोखा देने और अवैध गतिविधियों में शामिल नहीं होने देंगे। जनता से ऐसे धोखेबाजों से सावधान रहने का आग्रह करते हैं और शहरवासियों को अपील है कि वह किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना पुलिस को दें। सदर पुलिस ने दोनों लोगों पर 420, 467, 468, 471 आईपीसी, 24 इमीग्रेशन एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।