पाकिस्तान और भारतीय रिश्तों की खटास को खेलों के रास्ते कम करने के लिए पाकिस्तान हाकी टीम के प्रधान प्रवेज भंडारा ने भारतीय हाकी टीम के पूर्व कैप्टन और डायरेक्टर परगट सिंह से मुलाकात की।
इस दौरान भंडारा ने विधायक परगट सिंह को पाकिस्तान पंजाब और भारतीय पंजाब की हाकी टीमों के बीच लीग मुकाबले करवाने का न्यौता दिया। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान के 36 जिले हैं, जिनमें हाकी को बड़े ही उत्साह के साथ खेला जाता है।
भंडारा ने विश्व में हाकी की स्थिति के लिए एशियन हाकी फेडरेशन के प्रधान सुलतान अजलान शाह को जिम्मेदार ठहराया है। उन्होंने कहा कि विश्व में हाकी को प्रफुल्लित करने के लिए जरूरी है कि एशियन हाकी फेडरेशन की प्रधानगी भारत और पाकिस्तान के हाथों में हो। इससे हाकी का विकास हो सकेगा। भंडारा ने इस मुलाकात के दौरान कहा कि हाकी पंजाबियों की मां बोली खेल है।
इसे प्रफुल्लित करने के लिए जो पंजाब सरकार उपराले कर रही है, वह सराहनीय हैं। विधायक परगट सिंह ने कहा कि दोनों देशों के पंजाब में हाकी मुकाबले करवाने के लिए वह बातचीत करेंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार कबड्डी की तरह पंजाब में हाकी को प्रमोट करने के लिए कई सराहनीय प्रयास कर रही है। इस मौके पर अकाली दल के वक्ता और विधायक डॉ. दलजीत सिंह चीमा, सीनियर डिप्टी मेयर कमलजीत सिंह भाटिया और सुरिंदर सिंह भापा मौजूद थे।